क्लासरूम में धार्मिक पोस्टर हटाने पर विवाद, स्कूल प्रशासन ने मांगी माफी

धार्मिक पोस्टर हटाने पर विवाद

Update: 2023-07-29 08:49 GMT
जोधपुर। जोधपुर लूनी तहसील में गंगाणा फांटा के पास निजी स्कूल में दसवीं कक्षा में आर्ट एण्ड क्राफ्ट पीरियड में बनाए धार्मिक पोस्टर और उसे कक्षा से हटाने को लेकर विवाद हो गया। अभिभावक और धार्मिक संगठनों के पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार विरोध जताया और धरना दे दिया। विद्यालय प्रशासन के लिखित में माफी मांगने पर गतिरोध समाप्त हुआ। अभिभावकों का आरोप है कि दसवीं ए क्लास में आर्ट एण्ड क्राफ्ट के पीरियड में विद्यार्थियों को अलग-अलग थीम पर पोस्टर बनाने को कहा गया। विद्यार्थी पोस्टर बनाकर लाए। इनमें से एक छात्र ने धार्मिक पोस्टर बनाया था। जिसे अध्यापक ने हटा दिया और उसे उपयोग में न लेने के निर्देश दिए।
इसके बावजूद छात्र ने पोस्टर कक्षा में लगा दिया। अध्यापक ने पोस्टर हटा दिया। नाराज छात्र छुट्टी होने पर घर पहुंचा और परिजन को अवगत कराया। जिससे परिजन नाराज हो गए। यह बात क्षेत्र में फैल गई। सभी अभिभावक व आस-पास के ग्रामीण सुबह विद्यालय में एकत्रित हो गए और धार्मिक पोस्टर हटाने का विरोध करने लगे। विश्व हिंदू परिषद् व बजरंग दल के पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंचे। विद्यालय के बाहर धरना दे दिया गया।
हिंदूवादी संगठन हनुमान चालीसा का पाठ करने लगे। वे विद्यालय की प्राचार्य को हटाने की मांग करने लगे। विद्यालय प्रशासन ने मुख्य गेट अंदर से बंद कर दिया। तब विवाद बढ़ने की आशंका पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। बोरानाडा थानाधिकारी देवीचंद ढाका, कुड़ी भगतासनी थानाधिकारी सुमेरदान चारण भी मौके पर आए। अभिभावक, संगठन के पदाधिकारी, विद्यालय प्रशासन और पुलिस-प्रशासन के बीच वार्ता हुई। जिसमें विद्यालय प्रशासन ने धार्मिक भावनाएं आहत होने के संबंध में लिखित में माफी मांगी और भविष्य में पुनरावृत्ति न होने का भरोसा दिलाया। कक्षाओं में किसी भी धर्म संबंधी प्रतीक चिन्ह न लगाने का निर्णय किया गया।
Tags:    

Similar News