फलौदी में बंद पड़े 42 नलकूपों के स्थान पर नवीन नलकूपों का निर्माण शीघ्र - जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री

Update: 2023-07-19 11:14 GMT
जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री डॉ. महेश जोशी ने बुधवार को विधानसभा में आश्वस्त किया कि फलौदी विधानसभा क्षेत्र में बंद हो चुके 42 नलकूपों के स्थान पर जनता जल योजना के तहत नए नलकूपों का निर्माण यथाशीघ्र किया जाएगा। उन्होंने कहा कि फलौदी के 310 गांवों के लिए योजनाएं बनाई गई हैं, जिन्हें जनता जल योजना के तहत पूरा किया जाएगा। उन्होंने बताया कि भविष्य में इन योजनाओं को सतही जल स्रोतों से जोड़ने पर भी विचार किया जा रहा है।
डॉ. जोशी ने प्रश्नकाल के दौरान इस संबंध में सदस्यों द्वारा पूछे गये पूरक प्रश्नों का जवाब देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा बजट घोषणा के तहत मई, 2022 में जनता जल योजना विभाग को हस्तान्तरित की गई थी। उन्होंने बताया कि पूरे प्रदेश में 7 हजार 740 योजनाएं थी, जिनमें से 6 हजार 468 चालू थी तथा एक हजार 272 बंद थी। उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा 250 योजनाएं फिर से शुरू की जा चुकी हैं।
इससे पहले जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री ने विधायक श्री पब्बाराम के मूल प्रश्न के लिखित जवाब में बताया कि विधान सभा क्षेत्र फलौदी के अन्तर्गत माह मई, 2022 से 385 जनता जल योजनाएं विभाग द्वारा संधारित की जा रही हैं। इन सभी योजनाओं पर एक-एक नलकूप स्थापित थे। उन्होंन बताया कि माह मई, 2022 की स्थिति अनुसार इन 385 नलकूपों में से 96 नलकूप बंद पाए गए थे।
उन्होंने बताया कि इन बन्द नलकूपों में से 36 नलकूप लोरिंग पाइप बढ़ाकर, खराब पम्प मोटरों, केबल, स्टार्टर पैनल इत्‍यादि की मरम्मत करवाकर चालू किये जा चुके हैं। शेष 60 बन्‍द/सूखे नलकूपों में से 18 बन्‍द/सूखे नलकूपों के स्थान पर नवीन नलकूपों के निर्माण की स्वीकृतियां विभाग द्वारा जारी की जा चुकी हैं। उन्होंने बताया कि सभी 18 नलकूपों का ड्रिलिंग कार्य पूर्ण कर 9 नलकूपों को चालू किया जा चुका है तथा शेष 9 नलकूपों को चालू करने का कार्य प्रगति पर है।
डॉ. जोशी ने बताया कि शेष 42 बन्‍द/सूखें नलकूपों के स्थान पर आवश्‍यकतानुसार नवीन नलकूप निर्माण की स्‍वीकृतियां शीघ्र जारी कर कार्य करवाया जाना प्रस्‍तावित हैं। उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2022-23 के बजट में इन नलकूपों पर कार्यरत कर्मचारी, विद्युत बिल व मरम्मत हेतु बजट का प्रावधान रखा गया था। जिसके तहत विधान सभा क्षेत्र फलोदी में जनता जल योजनाओं पर राशि रुपये 258.42 लाख का व्यय किया गया।
उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2023-24 में पम्प चालकों के मानदेय भुगतान, , नलकूपों के संधारण व विद्युत व्‍यय हेतु बजट का प्रावधान किया गया है, जिसके अंतर्गत 12 जुलाई 2023 तक कुल राशि 244.47 लाख रुपये का व्यय किया जा चुका है। उन्होंने मदवार व्यय का विवरण सदन के पटल पर रखा।
.....
Tags:    

Similar News