राजस्थान शिक्षा मंत्री को CJP की चुनौती स्कूल दौरे का ऐलान
CJP का ऐलान राजस्थान के स्कूलों का करेगी दौरा
जयपुर: राजस्थान में सरकारी स्कूलों की स्थिति को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। कॉकरेच जनता पार्टी (CJP) ने राज्य के सरकारी स्कूलों का दौरा करने का ऐलान करते हुए शिक्षा मंत्री मदन दिलावर को चुनौती दी है। सीजेपी के सह-संयोजक आशुतोष रांका ने कहा है कि उनकी टीम प्रदेश के अलग-अलग जिलों में जाकर स्कूलों की वास्तविक स्थिति का जायजा लेगी।
आशुतोष रांका ने शिक्षा मंत्री से कहा कि वह अपने कार्यकाल में बने 10 बेहतरीन सरकारी स्कूलों की सूची दें, ताकि सीजेपी की टीम उन स्कूलों का भी दौरा कर सके। उन्होंने दावा किया कि यदि सरकार के पास बेहतर स्कूल हैं तो उन्हें जनता के सामने लाया जाना चाहिए।
सीजेपी ने अपने अभियान को "स्कूल ठीक करो" नाम दिया है। पार्टी का कहना है कि राजस्थान के कई सरकारी स्कूलों में बुनियादी सुविधाओं की कमी, जर्जर भवन, कक्षाओं की स्थिति और अन्य समस्याओं को सामने लाने के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है। संगठन ने कहा है कि स्कूलों की हालत सुधारने तक उसका अभियान जारी रहेगा।
इस मामले ने उस समय और तूल पकड़ लिया जब राजस्थान शिक्षा विभाग ने सरकारी स्कूलों में बाहरी लोगों के प्रवेश, फोटोग्राफी, वीडियो बनाने और बच्चों से बातचीत को लेकर दिशा-निर्देश जारी किए। विभाग ने कहा कि बिना अनुमति किसी बाहरी व्यक्ति को स्कूल परिसर में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। सीजेपी ने इस आदेश पर सवाल उठाते हुए कहा कि स्कूलों की वास्तविक स्थिति जानने के लिए निरीक्षण जरूरी है। संगठन का आरोप है कि सरकार स्कूलों की कमियों को छिपाने की कोशिश कर रही है। वहीं शिक्षा विभाग का कहना है कि बच्चों की सुरक्षा और निजता को ध्यान में रखते हुए नियम बनाए गए हैं।
सीजेपी की ओर से बताया गया है कि आने वाले दिनों में जयपुर, अजमेर, जोधपुर, उदयपुर, धौलपुर, भरतपुर, कोटा, बाड़मेर और हनुमानगढ़ समेत कई जिलों के स्कूलों का दौरा किया जाएगा। इस दौरान स्कूलों की सुविधाओं, भवनों और व्यवस्थाओं की जानकारी जुटाई जाएगी।
राजस्थान में सरकारी स्कूलों की गुणवत्ता और बुनियादी सुविधाओं को लेकर पहले भी सवाल उठते रहे हैं। अब सीजेपी के अभियान और शिक्षा विभाग के नए निर्देशों के बाद यह मुद्दा राजनीतिक बहस का केंद्र बन गया है।