अजमेर। शादी के नाम पर लड़की दिखाकर धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। पीड़ित से आरोपियों ने 2 लाख 20 हजार रुपए हड़प लिए। इसके बाद न तो शादी कराई और न ही राशि लौटाई। अब फोन भी नहीं उठा रहे। पीड़ित ने परेशान होकर पीसांगन थाने में मामला दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। दांतडा निवासी सांवरलाल (46) पुत्र रामचन्द्र जाट ने बताया कि खंडाच किशनगढ़ निवासी बंशी पुत्र अर्जुन, सोजी पुत्र चन्ना, भगवान पुत्र रामदेव व नन्दसिंह जाट उसके घर आए घर आए और बेटे की शादी के लिए बात की। इस दौरान वे लड़की को भी लेकर आए और उसे भगवान पुत्र रामदेव की बेटी बताया। लड़की देखने के बाद शादी तय हो गई। लड़की की शादी के लिए 2 लाख 20 हजार की डिमांड की। इसके लिए 90 हजार नकद व 1 लाख 30 हजार रुपए अकाउंट ट्रांसफर अलग-अलग डेट को किए। इसके बाद न तो शादी कराई और फोन भी नहीं उठाना बंद कर दिया। इनके गांव भी गया लेकिन वे वहां भी नहीं मिले। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।