उदयपुर Udaipur: राजस्थान के उदयपुर की सलूम्बर विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक अमृत लाल मीना का बुधवार रात दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। वह 65 वर्ष के थे। पार्टी सूत्रों ने बताया कि मीना को सीने में दर्द के बाद उदयपुर के एमबी सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां बुधवार रात उनका निधन हो गया। मीना 2013 से तीन बार विधायक रहे।
विधायक के निधन पर मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने दुख जताया है। शर्मा ने Social media platform 'X' पर एक पोस्ट में कहा, "बहुत दुखद! सलूम्बर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक अमृत लाल मीना के दिल का दौरा पड़ने से निधन की खबर से स्तब्ध हूं। यह भाजपा परिवार के लिए एक अपूरणीय क्षति है। मैं परमपिता परमेश्वर से प्रार्थना करता हूं कि उनकी पवित्र आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें और इस दुख की घड़ी में परिजनों को शक्ति प्रदान करें।"