Bikaner: बीकानेर में मंत्री गोदारा के सामने लोगों ने रखीं समस्याएं

लोगों की समस्याएं सुन खाद्य मंत्री ने अधिकारियों को दिए निर्देश

Update: 2026-07-28 14:00 GMT

बीकानेर: खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा ने मंगलवार को बीकानेर स्थित अपने निवास स्थान पर आयोजित जनसुनवाई में जिले भर से आए सैकड़ों परिवादियों की समस्याएं सुनीं तथा अधिकांश परिवेदनाओं का मौके पर ही निस्तारण कर आमजन को राहत प्रदान की। जनसुनवाई की विशेषता यह रही कि गोदारा ने नंबरिंग प्रणाली के आधार पर परिवादियों की सुनवाई की। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति पहले आता है, उसकी समस्या पहले सुनी जानी चाहिए। इसी पारदर्शी व्यवस्था के कारण आमजन में भी संतोष का भाव रहता है।

गोदारा ने कहा कि जनप्रतिनिधि होने के नाते आमजन की समस्याओं का समाधान करना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार अधिक से अधिक जनसुनवाई आयोजित कर लोगों को त्वरित राहत प्रदान करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जहां तत्काल अधिकारियों से संपर्क करने की आवश्यकता होती है, वहां संबंधित अधिकारियों से मौके पर ही दूरभाष पर वार्ता कर समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए जाते हैं, ताकि परिवादी को जल्द से जल्द राहत मिल सके।

उन्होंने कहा कि जीवन में समस्याएं स्वाभाविक हैं, लेकिन शासन की मंशा है कि नागरिकों की परेशानियों का समयबद्ध और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए। इसी उद्देश्य से नियमित रूप से जनसुनवाई आयोजित की जा रही है और आगे भी यह क्रम निरंतर जारी रहेगा।

गोदारा ने बताया कि अगली जनसुनवाई 31 जुलाई को नापासर नगर पालिका कार्यालय में आयोजित की जाएगी।

Tags:    

Similar News