Bikaner: गैस विस्फोट से मची अफरा-तफरी, दुकानें क्षतिग्रस्त बचाव टीम मौके पर

Update: 2025-05-07 09:32 GMT
Bikaner बीकानेर : कोतवाली के पास मदान मार्केट में बुधवार सुबह तेज धमाके के बाद सनसनी फैल गई। धमाका इतना तगड़ा था कि इसकी गूंज काफी दूर तक सुनाई दी। बताया गया कि ये धमाका एलपीजी सिलिंडर में हुआ है। धमाका इतना बड़ा था कि इससे दुकान की छत ढह गई। हादसे में कई लोग मलबे में दबे हुए हैं, 12 घायलों को अबतक बाहर निकाला जा चुका है। घटना के बाद लोग मदद को आगे आए हैं और घायलों को बाहर निकालने का प्रयास किया जा रहा है। घटना की सूचना के बाद जिला कलेक्टर नमृता वृष्णि, पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर भी मौके पर पहुंच गए है। घटना के कुछ ही देर बाद एसडीआरएफ, दमकल की टीम भी मौके पर पहुंच गई है। फिलहाल राहत-बचाव कार्य जारी है।
 जानकारी के अनुसार शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में स्थित एक ज्वेलरी मेकिंग दुकान में मंगलवार को सिलिंडर ब्लास्ट की बड़ी घटना सामने आई है। हादसा उस समय हुआ जब दुकान में काम चल रहा था। बताया जा रहा है कि यह इलाका ज्वेलरी मेकिंग का प्रमुख केंद्र है, जहां कई दुकानों में गहनों का निर्माण कार्य होता है। धमाका इतना तेज था कि आसपास की दुकानों को भी नुकसान पहुंचा। मौके पर राहत और बचाव कार्य जारी है। अब तक 12 लोगों को बाहर निकाला गया है, जिनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। उन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटनास्थल पर पुलिस, प्रशासन और एसडीआरएफ की टीमें राहत कार्यों में जुटी हुई हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि मलबे में अभी भी कई लोग दबे हो सकते हैं। कोतवाली थाने की नाक के नीचे रिहायशी इलाकों में इतनी बड़ी संख्या में घरेलू गैस सिलेंडर का मिलना कहीं ना कहीं जिला प्रशासन को सवालों के घेरे में खड़े करता है।
एनडीआरएफ की टीम को भी अलर्ट पर रखा गया है। फिलहाल स्थिति पर कड़ी नजर रखी जा रही है और आसपास के इलाके को सील कर दिया गया है। प्रशासन ने आसपास के घरों को भी खाली करवाया है। हादसे की जांच के आदेश दे दिए हैं और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि सिलेंडर ब्लास्ट किन परिस्थितियों में हुआ।
Tags:    

Similar News