Baran: जिले में खुरपका-मुंहपका टीकाकरण अभियान प्रारंभ

Update: 2025-03-18 12:54 GMT
Baran बारां । राष्ट्रीय पशु रोग नियंत्रण कार्यक्रम के तहत जिले में गौ एवं भैंस वंशीय पशुओं के लिए खुरपका-मुंहपका (एफएमडी) टीकाकरण अभियान मंगलवार से प्रारंभ हो गया है। यह अभियान 17 मई 2025 तक चलेगा।
पशुपालन विभाग के उपनिदेशक डॉ. सतीश चंद ने बताया कि जिले में कुल 2,66,043 भैंस वंशीय और 2,98,120 गौ वंशीय पशु हैं, जिनका चरणबद्ध तरीके से टीकाकरण किया जाएगा। इस अभियान के तहत 4 माह से अधिक उम्र के सभी पशुओं को टीका लगाया जाएगा। वहीं, 4 से 5 माह की उम्र के पशुओं का एक माह बाद पुनः टीकाकरण प्रस्तावित है।
टीकाकरण के साथ टैगिंग भी अनिवार्य
अभियान के दौरान, यदि किसी पशु के कान में पहचान टैग नहीं लगा है, तो उसे टीकाकरण के समय टैग लगवाना अनिवार्य होगा। विभाग द्वारा पूर्व में ही टीकों का वितरण सुनिश्चित कर लिया गया है, ताकि अभियान सुचारू रूप से चलाया जा सके।
पशुपालकों की सक्रिय भागीदारी
किशनगंज तहसील के बासथूनी गांव में प्रगतिशील पशुपालक मुरलीधर, हर्षवर्धन, मुकेश, अनुराग और जनप्रतिनिधि पुरुषोत्तम नागर ने अभियान में रुचि दिखाते हुए पशुधन निरीक्षक मनीष कुमार मीणा के माध्यम से अपने पशुओं का टीकाकरण करवाया।
पशुपालन विभाग ने जिले के समस्त पशुपालकों से आह्वान किया है कि वे इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं और अपने पशुओं को खुरपका-मुंहपका जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखें।
Tags:    

Similar News