Baran बारां । समाज कल्याण सप्ताह (01 से 07 अक्टूबर 2025) के तहत अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन कल्याण दिवस जिलेभर में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर समाज कल्याण विभाग द्वारा मुख्यमंत्री पुनर्वास गृह बारां एवं वृद्धाश्रम अंता, अटरू, मांगरोल, छबड़ा और शाहबाद में आवासीय वृद्धजन सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में स्वयंसेवी संस्थाओं के सहयोग से वृद्धजनों का माल्यार्पण कर सम्मान किया गया तथा उन्हें वस्त्र, फल और मिठाई वितरित की गई। उपस्थित अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों ने वृद्धजनों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए कहा कि वरिष्ठ नागरिक समाज की धरोहर हैं, जिनके जीवन अनुभव से नई पीढ़ी प्रेरणा ले सकती है। समारोह के दौरान वृद्धजन भावुक हो उठे और उन्होंने सरकार एवं संस्थाओं का आभार व्यक्त किया।