Baran: जिले में अटल जनसेवा शिविर के तहत जिला स्तरीय जनसुनवाई आयोजित

Update: 2025-07-18 12:38 GMT
Baran बारां । मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के निर्देशानुसार जिले में शुक्रवार को अटल जनसेवा शिविर के तहत जिला स्तरीय जनसुनवाई का आयोजन किया गया। कलेक्ट्रेट परिसर स्थित डीओआईटी वीसी रूम में आयोजित इस जनसुनवाई में जिले भर से आए नागरिकों ने अपनी समस्याएं अतिरिक्त जिला कलक्टर दिवांशु शर्मा के समक्ष रखीं।
एडीएम ने आमजन की समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ सुना और कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे जनसुनवाई में आने वाली समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करें, ताकि लोगों को जल्द से जल्द राहत मिल सके। उन्होंने निर्देशित किया कि हर समस्या का समाधान प्रशासनिक स्तर पर शीघ्रता से किया जाए।
जनसुनवाई के दौरान कुल 45 शिकायतें और समस्याएँ प्रस्तुत की गईं। इनमें विद्युत विभाग, सार्वजनिक निर्माण विभाग, राजस्व विभाग, चिकित्सा विभाग, जल संसाधन विभाग, वन विभाग, जिला परिषद, नगर परिषद, सहायता, आधार नामांकन, अतिक्रमण, जमीन पर कब्जा, पानी निकासी के प्रकरण शामिल थे। इसके अतिरिक्त अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याएँ भी सामने आईं।
एडीएम ने इस अवसर पर कहा कि आमजन की समस्याओं का निवारण करना प्रशासन की पहली प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि कुछ मामलों में तत्काल समाधान प्रदान किया गया, जबकि अन्य मामलों के लिए अतिरिक्त समय और प्रयास की आवश्यकता बताई गई, जिनके लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं।
उन्होंने अधिकारियों को अपनी जिम्मेदारियों को गंभीरता से लेने और यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि किसी भी नागरिक को उसके हक से वंचित न होना पड़े। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार और जिला प्रशासन का उद्देश्य लोगों को बेहतर सेवाएँ प्रदान करना है।
जनसुनवाई के साथ एडीएम शर्मा की अध्यक्षता में सतर्कता समिति की बैठक भी हुई, जिसमें लंबित प्रकरणों पर चर्चा की गई और अगली बैठक से पहले उन पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
इस दौरान विभिन्न उपखण्ड क्षेत्रों से अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से जुड़े रहे। जिला मुख्यालय से जिला परिषद सीईओ राजवीर सिंह चौधरी, रसद अधिकारी अनिल चौधरी, सहायक निदेशक दुर्गाशंकर मीणा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
Tags:    

Similar News