Baran बारां । जिला कलक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर ने बुधवार को ग्राम पंचायत चरडाना एवं अंताना में आयोजित किसान रजिस्ट्री कैंप का निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। जिला कलक्टर ने मौके पर पहुंचकर किसानों से संवाद किया और यह सुनिश्चित किया कि किसी भी किसान को पंजीकरण में कोई कठिनाई न हो। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी किसानों का समय पर और सुचारू रूप से पंजीकरण किया जाए, ताकि वे सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें। उन्होंने शिविर में किसानों को डिजिटल कार्ड भी वितरण किया।
निरीक्षण के दौरान कलक्टर ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बन रहे आवासों का जायजा लिया। उन्होंने निर्माण की गुणवत्ता की जांच की और अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्माण कार्य को समय सीमा में पूरा किया जाए। साथ ही लाभार्थियों से बातचीत कर की। उन्होंने पात्र ग्रामीणों से अपील की कि वे इस योजना के तहत पंजीकरण कराएं और सरकार द्वारा दी जा रही सुविधाओं का लाभ उठाएं।
जिला कलक्टर ने गर्ल्स हॉस्टल चरडाना का भी निरीक्षण किया, जहां उन्होंने छात्रावास में उपलब्ध सुविधाओं के बारे में छात्राओं से संवाद किया। उन्होंने हॉस्टल की स्वच्छता, भोजन व्यवस्था, पेयजल और सुरक्षा व्यवस्थाओं को परखा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण भोजन और सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराया जाए।
साथ ही कलक्टर ने ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं और सुझावों को सुना। उन्होंने ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी और उन्हें अधिक से अधिक लाभ लेने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने पेयजल आपूर्ति, सड़क निर्माण और स्वास्थ्य सेवाओं के बारे में भी जानकारी ली। कलक्टर ने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारी साथ रहे।
Tags: