नशा मुक्त Ganganagar अभियान के तहत जागरूकता कार्यशाला का आयोजन

Update: 2025-04-02 07:29 GMT
Sri Ganganagar श्रीगंगानगर । जिला कलक्टर डॉ. मंजू एवं जिला पुलिस अधीक्षक श्री गौरव यादव के नेतृत्व में नशामुक्त श्रीगंगानगर अभियान के अंतर्गत सिहाग नर्सिंग कॉलेज में जागरूकता कार्यशाला ‘जागो युवा‘ का आयोजन किया गया।
कार्यशाला में न केवल नशे के दुष्प्रभावों पर चर्चा हुई बल्कि युवाओं को उनके उज्ज्वल भविष्य और समाज की भलाई के लिए प्रेरित भी किया गया। इस अवसर पर सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की ओर से श्री विक्रम ज्याणी ने कहा कि जहां नशा होता है, वहां न सपने होते हैं, न अपने। नशा एक ऐसी काली दुनिया है, जो व्यक्ति से उसके सपने और अपने दोनों छीन लेता है। उन्होंने उदाहरणों के माध्यम से समझाया कि कैसे नशे की लत सिर्फ एक व्यक्ति नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को बर्बाद कर देती है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे खुद को नशे से बचाने के साथ-साथ अपने साथियों और परिवार के सदस्यों को भी इस जाल में फंसने से रोकें।
कार्यशाला के दौरान युवाओं को नशे से दूर रहने और अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि आज के युवा ही देश का भविष्य हैं और यदि वे खुद को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखें, तो वे न केवल अपने जीवन को सफल बना सकते हैं बल्कि समाज और देश के लिए भी एक मिसाल बन सकते हैं। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने संकल्प लिया कि वे न केवल स्वयं नशे से दूर रहेंगे बल्कि अपने परिवार और समाज में भी इसके खिलाफ जागरूकता फैलाएंगे।
श्री विकास सिहाग ने कहा यह कार्यशाला सिर्फ एक जागरूकता अभियान नहीं बल्कि युवाओं के आत्मविश्वास को बढ़ाने और उन्हें जीवन में सही दिशा देने की एक कोशिश है। कार्यशाला में प्रिंसिपल डॉ. जैस्मिन संथा, वेद प्रकाश नाथ, कॉलेज स्टाफ सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थियों की उपस्थिति रही।
Tags:    

Similar News