Alwar: जिला कलेक्टर ने ली पेयजल आपूर्ति व्यवस्था एवं जल जीवन मिशन की प्रगति की समीक्षा बैठक
Alwar अलवर । जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला की अध्यक्षता में आज मिनी सचिवालय स्थित कलक्ट्रेट सभागार में ग्रीष्म काल में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था की तैयारियों एवं जल जीवन मिशन की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित हुई।
बैठक में जिला कलक्टर ने निर्देशित किया कि ग्रीष्म ऋतु के मध्यनजर जलदाय विभाग के समस्त अधिकारी टीम भावना से कार्य करते हुए स्वीकृत एवं प्रगतिरत कार्यों को निश्चित समयानुसार धरातल पर उतारें। उन्होंने अलवर शहर में विभिन्न मदों में स्वीकृत 59 ट्यूबवेल में से 36 ट्यूबवेल कार्यों को 15 अप्रैल एवं अन्य शेष को 30 अप्रैल तक चालू करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्देशित किया कि पेयजल संबंधित ज्यादा समस्या वाले क्षेत्रों में आवश्यक कार्यों को त्वरित गति से पूर्ण करें। उन्होंने अधिकारियों द्वारा की जा रही फील्ड विजिट के फीडबैक जानकर किसी भी माध्यम से प्राप्त पेयजल संबंधित शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान के निर्देश दिए।
जिला कलक्टर ने पेयजल की सप्लाई बढ़ाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की समीक्षा करते हुए समर कंटीन्जेंसी और टैंकर सप्लाई व्यवस्था की वस्तुस्थिति जानकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में ग्रीष्म ऋतु के दौरान पेयजल सप्लाई व्यवस्था संबंधित कार्यों की ब्लॉकवार समीक्षा कर स्वीकृत हेड पंप एवं ट्यूबवेल कार्यों में आगामी 7 दिवस में प्रगति लाने के निर्देश दिए। उन्होंने जल जीवन मिशन की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि कार्यात्मक घरेलू नल कनेक्शन कार्यों में लक्ष्यानुसार प्रगति सुनिश्चित करें। उन्होंने जेजेएम के तहत निरंतर प्रगति उच्च रखने के निर्देश दिए, ताकि जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में हर घर पानी की कवरेज टाइमलाइन अनुसार हो सके।
बैठक में जलदाय विभाग के अतिरिक्त मुख्य अभियंता श्री भवानी सिंह शेखावत, जलदाय विभाग अलवर सर्किल के अधीक्षण अभियंता श्री रमेश चंद सैनी, जलदाय विभाग एनसीआर सर्किल के अधीक्षण अभियंता श्री दिनेश कुमार वर्मा एवं विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता श्री सुधीर पांडेय सहित जलदाय विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।