Alwar: जिला कलेक्टर ने ली बजट घोषणाओं की प्रगति की समीक्षा बैठक

Update: 2025-03-21 14:44 GMT
Alwar अलवर । जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला की अध्यक्षता में आज मिनी सचिवालय के कलक्ट्रेट सभागार में बजट घोषणाओं की प्रगति के संबंध में समीक्षा बैठक आयोजित हुई।
जिला कलक्टर ने जिले के लिए हुई बजट घोषणाओं की बिन्दुवार प्रगति की समीक्षा कर विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि बजट घोषणाओं के क्रियान्वयन हेतु निर्धारित टाइम लाइन के अनुसार कार्यों को पूर्ण करने की कार्ययोजना बनाकर उसे मूर्त रूप देवे। उन्होंने निर्देश दिये कि जिन बजट घोषणाओं में भूमि की आवश्यकता है उनके आवंटन हेतु संबंधित विभागीय अधिकारी संबंधित उपखण्ड अधिकारी से समन्वय कर एक सप्ताह में भूमि आवंटन संबंधी रिपोर्ट प्रस्तुत करें। उन्होंने कहा कि बजट घोषणाओं की निरन्तर समीक्षा की जाएगी अतः संबंधित अधिकारी साप्ताहिक प्रगति की रिपोर्ट भिजवाना सुनिश्चित करें।
उन्होंने जलदाय विभाग के अधीक्षण अभियन्ता को निर्देश दिये कि शहर की विभिन्न कॉलोनियों में जल प्रदाय सुविधा विकसित करने के कार्यों की एक सप्ताह में डीपीआर तैयार करें। उन्होंने विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियन्ता को निर्देश दिये कि कठूमर में 132 केवी जीएसएस के लिए चिन्हित की गई भूमि के आवंटन के संबंध में सीडीईओ से समन्वय कर आवंटन प्रक्रिया पूर्ण करें। उन्होंने अलवर शहर में नवीन कन्या महाविद्यालय के लिए भूमि आवंटन हेतु यूआईटी सचिव को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिये। उन्होंने सीएमएचओ को निर्देश दिये कि नवीन क्रमोन्नत पीएचसी के भवन निर्माण के प्रस्ताव तैयार करें तथा जहां भूमि की आवश्यकता है उसके लिए संबंधित उपखण्ड अधिकारी से समन्वय करें। उन्होंने अखैपुरा में पुलिस थाने के लिए भूमि चिन्हित व आवंटन कार्य के लिए एडीएम प्रथम को आवश्यक कार्यवाही हेतु निर्देशित किया। उन्होंने अलवर सरस डेयरी में नवीन दुग्ध संयंत्र की स्थापना के लिए सरस डेयरी एमडी को निर्देश दिये कि इसके लिए आरसीडीएफ से समन्वय कर कार्य को गति प्रदान करें।
उन्होंने जलदाय विभाग के अधीक्षण अभियन्ता को निर्देश दिये कि ग्रीष्म ऋतु में पेयजल आपूर्ति हेतु कंटीजेन्सी फण्ड में वृद्धि की गई है उसके अनुरूप नवीन प्रस्ताव तैयार कर भिजवाए। उन्होंने नगर निगम आयुक्त को निर्देश दिये कि सीवरेज लाइन डालने के कार्य को समयबद्ध रूप से पूर्ण करें तथा इसमें घरेलू कनेक्शन के कार्य में भी गति लावे। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिये कि अलवर जिले के लिए की गई बजट घोषणाओं के साथ-साथ ऐसी बजट घोषणाएं जो सम्पूर्ण राज्य के लिए है उन घोषणाओं को भी मूर्त रूप देने हेतु कार्य को गति प्रदान करें। उन्होंने राजस्थान सम्पर्क पोर्टल की समीक्षा कर निर्देश दिये कि आमजन की परिवेदनाओं का न केवल त्वरित निस्तारण किया जाए बल्कि उनकी संतुष्टि स्तर को बढ़ाने हेतु सकारात्मक प्रयास करें।
इस दौरान एडीएम प्रथम श्री मुकेश कायथवाल, यूआईटी सचिव सुश्री धीगदे स्नेहल नाना, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय श्री तेजपाल सिंह, नगर निगम आयुक्त श्री जितेन्द्र सिंह नरूका, विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियन्ता श्री सुधीर पाण्डे, जलदाय विभाग के अधीक्षण अभियन्ता श्री रमेश चंद सैनी, सहायक कलक्टर अलवर श्रीमती सुनीता यादव, सीडीईओ श्री महेश गुप्ता, सीएमएचओ डॉ. योगेन्द्र शर्मा, जीएम डीआईसी श्री एम.आर मीना, पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक श्री रमेश चंद मीणा सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
Tags:    

Similar News