राजसमंद। आमेट उपखंड मुख्यालय पर 14 अगस्त को शाम 7.30 बजे बस स्टैंड पर अखंड भारत दिवस मनाया गया। विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल द्वारा बस स्टैंड पर दीप जलाकर एवं अखंड भारत की रंगोली बनाकर अखंड भारत दिवस मनाया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विश्व हिंदू परिषद के जिला उपाध्यक्ष गंभीर सिंह राठौड़ ने कहा कि हमारा इतिहास आज के भारत ही नहीं बल्कि अफगानिस्तान से लेकर कंबोडिया, लाओस और तिब्बत से लेकर भूटान से लेकर श्रीलंका तक फैला हुआ है।
हिंदू धर्म और बौद्ध धर्म के मंदिर अफगानिस्तान, कंबोडिया, तिब्बत और यहां तक कि चीन और जापान में भी पाए जाते हैं। शारदा पीठ और हिंगला माता का मंदिर पाकिस्तान में है। कंबोडिया में अंगकोरवाट दुनिया का सबसे बड़ा मंदिर है, ढाकेश्वरी माता का मंदिर बांग्लादेश के ढाका में है। भगवान शंकर का कैलाश पर्वत और मानसरोवर भी आज चीन का हिस्सा हैं। सबूत हर जगह हैं, बस आपको अपनी आंखें खोलने की जरूरत है। इधर, विद्या भारती संस्थान ने भी विद्या निकेतन परिसर में अखंड भारत की रंगोली बनाकर भारत माता की आरती की। विश्व हिंदू परिषद के प्रांत मंत्री कौशल गौड़, जिला मंत्री पिंटू मेवाड़ा, चतर लाल डांगी, प्रताप सिंह मेहता, रमन कंसारा, सुनील गांधी और मातृ शक्ति मौजूद थे।