अजमेर: रेलवे बोर्ड के निर्देशानुसार उत्तर-पश्चिम रेलवे के अजमेर मंडल में आज से स्वच्छता ही सेवा अभियान एवं स्वच्छता पखवाड़ा-2026 की शुरुआत उत्साहपूर्वक की गई। इस वर्ष यह अभियान स्वच्छता में सहभाग, स्वच्छ भारत, विकसित भारत की थीम पर 17 सितंबर से 2 अक्टूबर (स्वच्छ भारत दिवस) तक तथा इसके उपरांत भी विभिन्न कार्ययोजनाओं के साथ संचालित किया जाएगा।

अभियान के प्रथम दिन मंडल कार्यालय, अजमेर भीलवाड़ा, उदयपुर, आबू रोड, मावली जंक्शन, मारवाड़ जंक्शन, ब्यावर तथा डूंगरपुर सहित विभिन्न रेलवे स्टेशनों, कॉलोनियों, विद्यालयों एवं अन्य संस्थानों में रेल अधिकारियों, कर्मचारियों व सफाई कर्मियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई। मंडल कार्यालय में मंडल रेल प्रबंधक राजू भूतड़ा ने अधिकारियों व कर्मचारियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक विकास बूरा, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर (पर्यावरण व गृह सज्जा) मनोज मीणा सहित बड़ी संख्या में रेल अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे। मंडल रेल प्रबंधक राजू भूतड़ा सहित रेल अधिकारियों व कर्मचारियों ने स्वच्छता सेल्फी स्टैंड पर स्वच्छता सेल्फी भी ली। इसके साथ ही रेलवे स्टेशनों पर सूचना-पत्रकों (पैम्फलेट्स) एवं जन-संबोधन प्रणाली (पी.ए. सिस्टम) के माध्यम से आम यात्रियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक व प्रेरित किया गया।

अपशिष्ट प्रबंधन और आधुनिक तकनीकों से अवगत कराने के उद्देश्य से अजमेर मंडल के विभिन्न अपशिष्ट शोधन संयंत्रों, बायोगैस संयंत्रों, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन इकाइयों, बायो-टॉयलेट सर्विसिंग केंद्रों, मदार व उदयपुर कोचिंग डिपो की कोच वॉशिंग लाइनों तथा जल-पुनर्चक्रण संयंत्रों (वॉटर रीसाइक्लिंग प्लांट्स) में 'स्वच्छता ज्ञान यात्रा' आयोजित की गई।

इसके अतिरिक्त, मंडल के विभिन्न स्टेशनों एवं रेल कॉलोनियों में अधिकारियों तथा पर्यावरण पर्यवेक्षकों के नेतृत्व में 'स्वच्छता एवं जल संचय संवाद' कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इसमें कचरा पृथक्करण (गीला व सूखा कचरा अलग करना), जल संरक्षण और वर्षा जल संचयन (रेनवाटर हार्वेस्टिंग) के प्रति कर्मचारियों एवं स्थानीय निवासियों को जागरूक किया गया।

Tags: