Ajmer: उत्कृष्ट महिला-पुरुष रेलकर्मियों का मई दिवस पर सम्मान

Update: 2026-05-05 05:26 GMT

अजमेर: उत्तर पश्चिम रेलवे महिला कल्याण संगठन, अजमेर मंडल द्वारा मई दिवस के उपलक्ष्य में एक विशेष सम्मान समारोह का आयोजन रेलवे ऑफिसर्स क्लब, कचहरी रोड में किया गया। इस कार्यक्रम के दौरान मंडल के विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 34 महिला व पुरुष रेलकर्मियों (समूह 'डी' श्रेणी) को उनके अनुकरणीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

समारोह की मुख्य अतिथि और अजमेर मंडल महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा रिंकल भूतड़ा ने सभी सम्मानित कर्मियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए। इस अवसर पर उन्होंने कर्मियों की सराहना करते हुए कहा, समूह 'डी' के ये रेलकर्मी हमारे संगठन की वास्तविक रीढ़ हैं। कठिन से कठिन परिस्थितियों में भी उनका समर्पण, कार्यकुशलता और अटूट निष्ठा हम सभी के लिए एक बड़ी प्रेरणा है। इस सम्मान समारोह का मुख्य उद्देश्य मई दिवस (श्रमिक दिवस) के अवसर पर उन जमीनी स्तर के कर्मचारियों को प्रोत्साहित करना है, जो पर्दे के पीछे रहकर भारतीय रेलवे के सुरक्षित और सुचारू संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। सम्मान के लिए विशेष रूप से उन कर्मियों का चयन किया गया जो अपनी सेवानिवृत्ति के निकट हैं अथवा जिन्होंने रेल सेवा में 20 वर्ष से अधिक का समय सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है।

सम्मानित होने वाले कर्मचारियों में सिग्नल, इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रिकल, टी.आर.डी. सहित रेलवे के अन्य महत्वपूर्ण विभागों के कर्मठ सदस्य शामिल थे। इस गरिमामय समारोह में महिला कल्याण संगठन की सचिव ज्योति उशाहरा, कोषाध्यक्ष सुषमा कुमारी, सहायक कार्मिक अधिकारी वंदना चौबे सहित अजमेर मंडल के कई वरिष्ठ रेल अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

Tags:    

Similar News