Ajmer: स्वास्थ्य केंद्रों में बड़ी सुविधा, अराई ब्लॉक के 18 अस्पतालों में लगेंगे आरओ कूलर
अराई ब्लॉक के अस्पतालों में बढ़ेगी सुविधा, मरीजों को मिलेगा स्वच्छ पानी
अजमेर: केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री तथा अजमेर सांसद भागीरथ चौधरी के प्रयासों से किशनगढ़ विधानसभा क्षेत्र के अराई ब्लॉक को स्वास्थ्य सुविधाओं के क्षेत्र में एक और महत्वपूर्ण सौगात मिली है। ब्लॉक के 18 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में आरओ वाटर प्यूरीफायर सह वाटर कूलर स्थापित किए जाएंगे। इनकी पहली खेप अराई पहुंच चुकी है और शीघ्र ही चयनित स्वास्थ्य संस्थानों में स्थापना कार्य शुरू किया जाएगा।
इस पहल से अस्पतालों में उपचार के लिए आने वाले मरीजों, उनके परिजनों तथा चिकित्सा कर्मियों को वर्षभर शुद्ध, स्वच्छ एवं ठंडा पेयजल उपलब्ध हो सकेगा। विशेष रूप से गर्मी के मौसम में यह सुविधा आमजन के लिए बड़ी राहत साबित होगी।
केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार तथा मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार डबल इंजन सरकार के रूप में जनकल्याण और विकास कार्यों को गति दे रही है। स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि संसदीय क्षेत्र अजमेर तथा अपनी गृह विधानसभा किशनगढ़ के समग्र विकास और आमजन के कल्याण के लिए वे पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। क्षेत्रवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है और भविष्य में भी जनहित के ऐसे कार्य लगातार जारी रहेंगे।
चौधरी ने विश्वास व्यक्त किया कि स्वास्थ्य केंद्रों पर आरओ वाटर प्यूरीफायर सह वाटर कूलर स्थापित होने से मरीजों और उनके परिजनों को बड़ी सुविधा मिलेगी तथा स्वास्थ्य संस्थानों में मूलभूत सुविधाओं का स्तर और अधिक सुदृढ़ होगा।