जयपुर: वैशाली नगर के होटल में बर्थ-डे के दौरान युवक की हत्या के आरोप में पुलिस ने 9 को किया गिरफ्तार

Update: 2022-03-14 16:34 GMT

राजस्थान क्राइम न्यूज़ अपडेट: वैशाली नगर थाना इलाके में स्थित एक होटल में रविवार रात होटल कर्मचारियों से कहासुनी के बाद हुए झगड़े में एक युवक की मौत हो गई। मृतक युवक अपने दोस्तों के साथ बर्थ-डे पार्टी मनाने के लिए होटल में रूम लेकर ठहरा था। जहां होटल कर्मचारियों से कहासुनी होने पर डंडे-सरियों से झगड़ा हो गया था। पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए शव को मोर्चरी में रखवाया है। वहीं पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर नौ आरोपितों को पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। सहायक पुलिस आयुक्त वैशाली नगर आलोक कुमार सैनी ने बताया कि झगड़े में सोडाला निवासी विशाल यादव (22) की मौत हो गई, जो फास्ट फूड की स्टॉल लगाता है। जानकारी में सामने आया कि मृतक रविवार रात को अपने छह दोस्तों के साथ पार्टी करने के लिए 200 फीट बाइपास स्थित होटल शुकुन गया था। जहां सभी दोस्त होटल में रूम लेकर पार्टी कर रहे थे। देर रात करीब ढाई बजे रूम लेकर ठहरे युवकों का शराब के नशे में होटल कर्मचारियों से कहासुनी हो गई। गेस्ट युवकों ने लाठी-सरिए से होटल में तोड़फोड़ कर दी। होटल में तोड़फोड़ करने से कर्मचारियों ने रोका। गुस्से में होटल में मौजूद कर्मचारी भी लाठी-सरिए लेकर आमने-सामने हो गए। दोनों गुटों में चले लाठी-सरिए से विशाल घायल हो गया। सिर में गंभीर चोट लगने से लहूलुहान हालत में विशाल जमीन पर गिर गया। साथी युवकों ने उसे तुरंत पास स्थित प्राइवेट हॉस्पिटल पहुंचाया। जहां डॉक्टर्स ने उसे मृत घोषित कर दिया।

थानाधिकारी हीरालाल सैनी ने बताया कि हत्या के आरोप में होटल शुकुन पैलेस के कर्मचारी सुरेश (29) निवासी दांतारामगढ़ सीकर, प्रहलाद कुमार बलाई (25) निवासी थानागाजी अलवर, अमन (22) निवासी शिवपुरी मध्य प्रदेश, अशोक (26) निवासी मालाखेड़ा अलवर व अनिल पापड़दा (19) निवासी नांगल राजावतान दौसा और फर्नीचर फैक्ट्री कर्मचारी लखन बैरवा (22) निवासी मानपुर दौसा, मुकेश कुमार बैरवा (32) निवासी नांगल राजावतान दौसा, लालचंद बैरवा (24) नवासी सिकराय मानपुर दौसा, महेन्द्र राव (26) निवासी रावतसर हनुमानगढ़ को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपित वैशाली नगर में नंद विहार कॉलोनी में रहते है।

Tags:    

Similar News

-->