बीकानेर: सिर पर राजस्थानी साफा, हाथों में मतदान जागरूकता के संदेश और ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच उत्साह से आगे बढ़ते बाराती। शुक्रवार को बीकानेर जिले की ग्राम पंचायत पांचू में कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला। हालांकि, यह बारात किसी विवाह समारोह की नहीं, बल्कि लोकतंत्र में जनभागीदारी बढ़ाने और मतदाताओं को अपने अधिकार के प्रति जागरूक करने के लिए निकाली गई थी। पंचायत चुनाव-2026 के मद्देनजर जिला निर्वाचन कार्यालय के स्वीप प्रकोष्ठ की ओर से आयोजित इस अनूठी ‘वोट बारात’ में सैकड़ों ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

व्यवस्थित मतदाता शिक्षा और चुनावी भागीदारी यानी स्वीप कार्यक्रम के तहत आयोजित इस पहल का उद्देश्य ग्रामीणों को मतदान के महत्व से अवगत करवाना और पंचायत चुनाव में अपने मताधिकार का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने के लिए प्रेरित करना था।

जिला निर्वाचन अधिकारी निशांत जैन तथा स्वीप प्रकोष्ठ प्रभारी एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी शैलजा पांडे के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में राजस्थानी संस्कृति और लोकतांत्रिक जागरूकता का अनूठा संगम देखने को मिला।

स्वीप सह प्रभारी एवं जनसंपर्क अधिकारी सुरेश बिश्नोई ने बताया कि मतदाता जागरूकता के लिए वोट बारात का आयोजन पारंपरिक विवाह समारोह की तर्ज पर किया गया। इसमें राजस्थानी साफा पहने बाराती मतदान जागरूकता से संबंधित स्लोगन लेकर शामिल हुए।

ढोल-नगाड़ों के साथ रवाना हुई वोट बारात पांचू के मुख्य बाजार और विभिन्न गलियों से होकर गुजरी। इस दौरान बारात में शामिल लोगों ने मतदान जागरूकता के नारों के माध्यम से ग्रामीणों को अपने मताधिकार का प्रयोग करने का संदेश दिया।

गांव में निकली इस अनूठी बारात का ग्रामीणों ने स्वागत किया। पारंपरिक राजस्थानी वेशभूषा और ढोल-नगाड़ों के साथ आयोजित जागरूकता कार्यक्रम की ग्रामीणों ने सराहना की। बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी से कार्यक्रम में उत्साह का माहौल रहा।

पंचायत चुनाव को लेकर आयोजित इस जागरूकता कार्यक्रम में विकास अधिकारी पांचू कैलाश राम पंचारिया, स्वीप प्रकोष्ठ के समन्वयक प्रशांत जोशी और सह-समन्वयक गोपाल जोशी ने अपने विचार रखे। कार्यक्रम के माध्यम से लोकतंत्र में जनभागीदारी बढ़ाने और मतदाताओं को मतदान के प्रति प्रेरित करने पर जोर दिया गया।

वोट बारात में स्वीप प्रकोष्ठ के प्रतिनिधियों के साथ पंचायत से जुड़े कर्मचारियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, समाजसेवियों और ग्रामीणों ने भी सहभागिता निभाई।

कार्यक्रम में स्वीप प्रकोष्ठ के अमरदीप गोदारा, प्रमोद शर्मा, घनश्याम भाखर, पंचायत शिक्षक मेघराज गर्ग, समाजसेवी हड़मान राम गोदारा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता मघीदेवी, कमला मेघवाल, सरिता सिहाग, सरिता मेघवाल और शांति सिहाग सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।

कार्यक्रम के अंत में ग्राम विकास अधिकारी लक्ष्मी नारायण उपाध्याय ने सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।

पांचू में आयोजित वोट बारात के माध्यम से जिला निर्वाचन कार्यालय ने मतदाता जागरूकता को स्थानीय संस्कृति और परंपराओं से जोड़कर ग्रामीणों तक मतदान का संदेश पहुंचाया। पंचायत चुनाव-2026 में प्रत्येक मतदाता की भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आयोजित इस पहल में ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

Tags: