CM युवा संबल योजना में 4 हजार, महिला एवं ट्रांसजेंडर को 4500 मिलता भत्ता
राजसमन्द। राजसमंद जिले के बेरोजगारों को लम्बे समय से बेरोजगारी भत्ता नहीं मिल रहा है। इसके कारण वह रोजगार कार्यालय के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन उन्हें वहां से भी संतोषजनक जवाब नहीं मिल रहा है। इसके कारण बेरोजगार परेशान हो रहे हैं।कांग्रेस सरकार की ओर से बेरोजगार युवाओं को भत्ता देने के लिए मुख्यमंत्री युवा संबल योजना प्रारंभ की गई थी। इसके तहत इंटर्नशिप करने वाले और कौशल प्रशिक्षण लेने वाले युवाओं को बेरोजगारी भत्ता उपलब्ध कराया जा रहा था। इसके तहत एससी/एसटी को अगस्त 2023 और जनरल, ओबीसी को मई 2023 तक का भुगतान हो चुका है। बेरोजगार भुगतान के लिए रोजगार कार्यालयों के चक्कर काट रहे हैं। रोजगार कार्यालय के कार्मिक अक्टूबर तक के बिल बनाकर भेजने की बात कह रहे हैं। लेकिन बेरोजगारों को भुगतान नहीं होने के कारण असुविधा हो रही है। उल्लेखनीय है कि करीब तीन माह पहले प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने के बाद भी भुगतान नहीं हो रहा है।
भत्ता नहीं मिलने से युवाओं को आर्थिक परेशानी झेलनी पड़ रही है। पूरे राजस्थान में बेरोजगारों को भत्ते का भुगतान नहीं हो रहा है। विभाग की ओर से बिल बनाकर ट्रेजरी भेज दिए गए हैं। इलेक्ट्रोनिक क्षमाशोधन सेवा (ईसीएस) में अटका हुआ है। भुगतान कब होगा इसके बारे में अभी कुछ नहीं बताया जा सकता है। बेरोजगारों युवकों को सरकार की ओर से 4 हजार और महिलाओं एवं ट्रांसजेडऱ को 4500 रुपए भत्ता दिया जाता है। सरकार की ओर से युवाओं को इसके पहले सरकारी कार्यालय में इंटर्नशिप करना आवश्यक होता है। वहीं अप्रशिक्षित युवाओं को कौशल प्रशिक्षण दिया जाता है। हालांकि इस दौरान उन्हें भत्ता दिया जाता है। जिले में 638 युवा इन्टर्नशिप कर रहे हैं, जबकि 131 युवा कौशल प्रशिक्षण ले रहे हैं। पिछले छह माह से बेरोजगारी भत्ते का भुगतान नहीं हुआ है। हालांकि मेरे दो साल दिसम्बर में पूरे हो गए है, लेकिन पहले का भुगतान नहीं हो रहा है। रोजगार कार्यालय में सम्पर्क करने पर संतोषजनक जवाब नहीं मिलता है।