ट्रैफिक पुलिस कर्मचारी ले रहे थे सरेआम रिश्वत, मौके पर पहुंच कर विधायक ने 2 को रंगे हाथ पकड़ा

बड़ी खबर

Update: 2022-08-24 16:56 GMT
तरनतारन। विधानसभा हलका खडूर साहिब से विधायक मनजिंद्र सिंह लालपुरा ने 2 ए.एस.आई.(ट्रैफिक) को रिश्वत लेते हुए काबू किया है। एस.एस.पी. रणजीत सिंह ढिल्लों ने कहा कि दोनों के खिलाफ थाना गोइंदवाल साहिब में करप्शन एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है, वहीं दोनों को सस्पैंड कर विभागीय जांच करने के आदेश जारी किए गए हैं। जिले के अधीन आते गांव जामाराय में ट्रैफिक पुलिस के 2 ए.एस.आई. द्वारा निजी गाड़ी की मदद से नाकाबंदी की गई थी। इन कर्मियों द्वारा वाहन चालकों से चालान करने के बहाने पैसे वसूले जा रहे थे। मोटरसाइकिल सवार 1 दंपति को इन्होंने दस्तावेजों की कमी के चलते 1 घंटे तक रोक कर रखा।
इसके बाद 500 रुपए रिश्वत लेकर छोड़ दिया। इस दौरान किसी भोग समारोह के लिए अपने वर्करों समेत निकले हलका खडूर साहिब के विधायक मनजिंद्र सिंह लालपुरा ने लोगों को परेशान होते देखकर अपना काफिला रोक लिया। वाहन चालकों ने विधायक को दोनों ए.एस.आई. द्वारा रिश्वत वसूलने बारे बताया। इसके बाद विधायक लालपुरा ने उनकी निजी गाड़ी से रिश्वत के पैसे बरामद करते हुए एस.एस.पी. रणजीत सिंह ढिल्लों को सूचित किया। एस.एस.पी. ढिल्लों ने थाना गोइंदवाल साहिब के प्रभारी को मौके पर भेजा। थाना प्रभारी ने दोनों लोकल रैंक के ए.एस.आई. जसवंत सिंह व रजिंद्र सिंह को हिरासत में ले लिया।
Tags:    

Similar News