Jalandhar.जालंधर: कपूरथला में आज पंचायती राज दिवस मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए डिप्टी कमिश्नर अमित कुमार पंचाल ने कहा कि देश में सत्ता के विकेंद्रीकरण के उपलक्ष्य में हर साल यह दिवस मनाया जाता है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे भारत की सबसे पुरानी प्रशासनिक संस्था पंचायतों के माध्यम से विकास कार्यों को नई गति दें। डीसी ने कहा कि अधिकारी गांवों के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी निष्ठा से काम करें। उन्होंने कहा कि छोटे-मोटे विवादों को गांव स्तर पर ही सुलझाने का प्रयास किया जाना चाहिए, ताकि लोगों को जल्द न्याय मिल सके। इस अवसर पर जिला योजना बोर्ड की चेयरपर्सन ललित सकलानी ने भी अपने विचार साझा किए। गौरतलब है कि बलवंत राय मेहता समिति के सुझावों के बाद 2 अक्टूबर 1959 को राजस्थान के नागौर जिले में पहली बार पंचायती राज व्यवस्था लागू की गई थी।