Amritsar अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने बुधवार को दावा किया कि उन्होंने पांच लोगों को गिरफ्तार करके एक 'टारगेट किलिंग' (चुनिंदा हत्या) की साजिश को नाकाम कर दिया है। गिरफ्तार किए गए लोगों में तीन नाबालिग भी शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से एक हैंड ग्रेनेड, .30 बोर की एक पिस्तौल और कारतूस बरामद किए हैं। गिरफ्तार किए गए लोगों में लोपोके के रहने वाले ट्रक ड्राइवर गुरलाल सिंह (20) और बढ़ई रशपाल सिंह (18) शामिल हैं। नाबालिगों में से एक सरकारी स्कूल में 12वीं कक्षा का छात्र है।
पुलिस महानिरीक्षक (बॉर्डर रेंज) गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि आरोपी हमले को अंजाम देने के लिए आगे के निर्देशों का इंतजार कर रहे थे। गुरलाल और रशपाल को लोपोके में दशहरा उत्सव के दौरान गिरफ्तार किया गया, जबकि दो नाबालिगों के पास से ग्रेनेड और पिस्तौल बरामद हुई। गुरलाल के पास से करीब 10 कारतूस भी जब्त किए गए।
पुलिस का आरोप है कि ये हथियार ISI से जुड़े सीमा पार के तस्कर राणा किंग, उर्फ गुल्ला किंग ने मुहैया कराए थे। जिन्हें निशाना बनाया जाना था, उनके बारे में अभी खुलासा नहीं किया गया है। पुलिस सीमा पार से काम कर रहे हैंडलर्स की भूमिका की भी जांच कर रही है।