Jalandhar.जालंधर: सरकारी स्कूलों की नुहार बदलने के लिए राज्य सरकार द्वारा शुरू की गई ‘पंजाब सिख क्रांति’ मुहिम के तहत आज जिले के 12 सरकारी स्कूलों में 76.44 लाख रुपए के विकास कार्यों का लोकार्पण किया गया। इन कार्यों में नए क्लासरूम, चारदीवारी, विज्ञान प्रयोगशालाएं और जरूरी नवीनीकरण कार्य शामिल हैं। करतारपुर विधानसभा क्षेत्र से विधायक बलकार सिंह ने आज सरकारी प्राइमरी स्कूल ईसापुर, काला बहिया, भतीजा रंधावा, जल्ला सिंह और सरकारी हाई स्कूल काला बहिया में करीब 27.90 लाख रुपए की लागत से पूरे हुए विकास कार्यों का उद्घाटन किया। सरकारी प्राइमरी स्कूल ईसापुर में विकास कार्यों का उद्घाटन करने के बाद उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए बलकार सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली राज्य सरकार राज्य के सरकारी स्कूलों में अत्याधुनिक बुनियादी ढांचा उपलब्ध करवाकर स्कूलों की नुहार बदल रही है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार स्कूलों में स्मार्ट क्लासरूम, विज्ञान प्रयोगशालाएं, खेल ट्रैक, डिजिटल लर्निंग सिस्टम, क्लस्टर रूम और चारदीवारी जैसे अत्याधुनिक बुनियादी ढांचे का विकास कर रही है। विधायक ने कहा कि पंजाब सरकार ने शिक्षा के क्षेत्र में कई कदम उठाए हैं, जिनमें स्कूल ऑफ एमिनेंस की स्थापना, अध्यापकों को प्रशिक्षण के लिए विदेश भेजना, कैंपस मैनेजर और सुरक्षा गार्ड नियुक्त करना तथा बस सेवा शुरू करना शामिल है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को सरकारी स्कूलों में दाखिला दिलवाएं तथा सरकार द्वारा दी जा रही सुविधाओं जैसे कि मुफ्त किताबें, वर्दियां आदि का लाभ उठाएं।