Mumbai मुंबई। पंजाबी गायक-अभिनेता गुरु रंधावा को आगामी फिल्म 'शौंकी सरदार' के लिए एक एक्शन सीक्वेंस फिल्माते समय घायल होने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया है। रंधावा ने रविवार को इंस्टाग्राम पर अस्पताल से एक तस्वीर पोस्ट करके यह खबर साझा की। तस्वीर में गायक बिस्तर पर लेटे हुए दिखाई दे रहे हैं और उनके सिर पर सर्वाइकल कॉलर और पट्टी बंधी हुई है। उन्होंने लिखा, "मेरा पहला स्टंट, मेरी पहली चोट, लेकिन मेरा हौसला बरकरार है। 'शौंकी सरदार' फिल्म के सेट से एक याद। बहुत मुश्किल काम है एक्शन वाला, लेकिन अपने दर्शकों के लिए कड़ी मेहनत करूंगा।" अभिनेता के कई अनुयायियों ने उनकी पोस्ट पर टिप्पणी की और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। एक यूजर ने लिखा, "जल्दी ठीक हो जाओ।" दूसरे ने कहा, "अपना ख्याल रखना और जल्दी ठीक हो जाना।" एक अन्य टिप्पणी में लिखा, "ओह नहीं, जल्दी ठीक हो जाओ चैंप।" कांग्रेस नेता सुखजिंदर सिंह रंधावा ने भी अभिनेता के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।