पंजाब: तरनतारन में ड्रोन से गिराए गए पैकेट से हथियार, कारतूस और 277 ग्राम हेरोइन बरामद
तरनतारन: भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे खालड़ा सेक्टर में सीमा पार से ड्रोन के जरिए हथियारों और नशीले पदार्थों की तस्करी का मामला सामने आया है। गांव कलसियां के खेतों में ड्रोन के माध्यम से गिराए गए पैकेट से सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में चार पिस्तौल, छह खाली मैगजीन, 57 कारतूस और 277 ग्राम हेरोइन बरामद की गई है। इसके अलावा पैकेट से 37 ग्राम पैकिंग सामग्री भी मिली है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, थाना खालड़ा पुलिस को बीएसएफ की 115वीं बटालियन की कलसियां सीमा चौकी (बीओपी) के कमांडर मुरारी लाल शर्मा ने सूचना दी थी कि गांव कलसियां में किसान सुखा सिंह के खेत में ड्रोन के जरिए एक पीले रंग का पैकेट गिराया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और खेत में मिले पैकेट को कब्जे में लेकर उसकी जांच की।
पैकेट खोलने पर उसमें से चार पिस्टल, छह खाली मैगजीन, 57 जिंदा कारतूस, 277 ग्राम हेरोइन और 37 ग्राम पैकिंग सामग्री बरामद हुई। बरामद हथियारों और नशीले पदार्थों को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। इसके बाद मामले की जांच शुरू कर दी गई।
थाना खालड़ा के सब-इंस्पेक्टर आरजू ने बताया कि बीएसएफ की 115वीं बटालियन की कलसियां बीओपी के कमांडर मुरारी लाल शर्मा की सूचना पर पुलिस टीम ने कार्रवाई की। किसान सुखा सिंह के खेत में ड्रोन से गिराए गए पीले पैकेट से हथियार, कारतूस और हेरोइन बरामद की गई है।
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि यह खेप पाकिस्तान की ओर से ड्रोन के माध्यम से भारतीय क्षेत्र में भेजी गई थी। हालांकि, इस संबंध में पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हथियारों और हेरोइन की खेप किसने भेजी थी और इसे आगे किसके हवाले किया जाना था।
इससे पहले राजस्थान पुलिस ने 28 ऐसे पाकिस्तानी हैंडलरों की पहचान की है और उनके नाम बताए हैं, जो ड्रोन का इस्तेमाल करके अंतरराष्ट्रीय सीमा के पार हथियार, नशीले पदार्थ और विस्फोटक भेजने में शामिल रहे हैं।
अधिकारियों ने बताया था कि उनके बारे में जानकारी जुटाई जा रही है और इसे केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों के साथ साझा किया जाएगा। इस बीच, पुलिस ने स्थानीय मददगारों की ज़मीनों की पहचान करना शुरू कर दिया है। जिन संपत्तियों का इस्तेमाल तस्करी के काम में किया गया है, उन्हें जब्त करने की योजना है।