पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने आटा-दाल स्कीम में 5 करोड़ के घोटाले का किया पर्दाफाश
चंडीगढ़। पंजाब विजिलेंस ब्यूरो (वीबी) ने राज्य में भ्रष्टाचार के विरुद्ध चलाई जा रही मुहिम के अंतर्गत आटा-दाल स्कीम में 5 करोड़ रुपए के घोटाले का पर्दाफाश किया है। इस कथित घोटाले में वीबी ने पंजाब राज्य सिविल सप्लाई कारपोरेशन लिमिटेड के जनरल मैनेजर नवीन कुमार गर्ग के विरुद्ध एफआईआर दर्ज की है। विजिलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने बताया कि इस घपले के बारे में ब्यूरो ने जांच में पाया कि साल 2015-16 में आटा दाल स्कीम के अधीन आटा-दाल के वितरण के समय नवीन कुमार ने सरकारी खजाने को 5 करोड़ रुपए से ज्यादा का नुकसान पहुंचाया है। उसने इस स्कीम के अंतर्गत यूको बैंक के खाते में 437498681 रुपए जमा करवाने के बजाय सिर्फ़ 383888711 रुपए ही जमा करवाए। इस तरह आरोपी ने पनसप के अन्य कर्मचारियों के साथ सांठगांठ करके 53609970 रुपए का गबन किया है।
विजिलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने कहा कि दोषी नवीन ने पनसप में अपने कार्यकाल के दौरान पंजाब के निर्धारित सेवा नियमों को अनदेखा करते हुए विभाग के अलग-अलग कर्मचारियों की चार्जशीट रफा-दफा की जिससे राज्य सरकार को 646436854 रुपए का नुकसान हुआ। उन्होंने बताया कि पड़ताल के दौरान यह बात भी सामने आई है कि नवीन कुमार के पास पनसप के मैनेजर के तौर पर चुने जाने के लिए अपेक्षित योग्यता और तजुर्बा भी नहीं था परंतु फिर भी वह मैनेजर के तौर पर चुने जाने में सफल रहा जबकि बाकी उम्मीदवारों को अयोग्य करार दे दिया गया। इस संबंध में विजिलेंस ब्यूरो की तरफ से विजिलेंस ब्यूरो थाना एसएएस नगर में आईपीसी की धारा 409 420 465 468 471 और भ्रष्टाचार रोकथाम कानून की धारा 13(1) (ए) और 13(2) के अंतर्गत केस दर्ज किया है। उन्होंने बताया कि इस मामले की आगे जांच जारी है और उक्त आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए टीमें भेज दी गई हैं।