Chandigarh चंडीगढ़। पंजाब यूनिवर्सिटी में छात्र चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज होती दिखाई दे रही हैं। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के नेता जसकरण भुल्लर ने आम आदमी पार्टी (आप) के स्टूडेंट विंग पर चुनाव को प्रभावित करने और विद्यार्थियों पर दबाव बनाने के गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि एबीवीपी छात्रों के मुद्दों को लेकर चुनाव लड़ रही है, जबकि आप की ओर से राजनीतिक प्रभाव का इस्तेमाल किया जा रहा है।
जसकरण भुल्लर ने कहा कि आम आदमी पार्टी की छात्र विंग 2022 से पंजाब यूनिवर्सिटी में सक्रिय है। पहले इसका नाम सीवाईएसएस था, जिसे बाद में बदलकर एएसएपी कर दिया गया। भुल्लर ने दावा किया कि संगरूर से आप सांसद मीत हेयर और बाघापुराना के विधायक को आधिकारिक तौर पर छात्र चुनाव का प्रभारी बनाया गया है। यह छात्र राजनीति में राजनीतिक दल के सीधे हस्तक्षेप का उदाहरण है।
उन्होंने कहा कि आम तौर पर छात्र संगठनों के चुनाव में किसी पार्टी के सांसद या विधायक को इस तरह चुनाव प्रभारी नहीं बनाया जाता। एनएसयूआई भी अपने सांसदों या विधायकों को इस तरह चुनाव की जिम्मेदारी नहीं देती। आप की ओर से अपने राजनीतिक पदाधिकारियों के माध्यम से चुनाव को प्रभावित करने का प्रयास किया जा रहा है।
जसकरण भुल्लर ने एबीवीपी पर छात्र नेताओं को गैंगस्टरों से फोन करवाने के लगाए गए आरोपों को पूरी तरह बेबुनियाद बताया। उन्होंने कहा कि उनकी संगठन की ओर से ऐसा कोई काम नहीं किया जा रहा है। हमारा संगठन छात्रों के साथ खड़ा है और पिछले एक साल से छात्र कल्याण से जुड़े मुद्दों को उठा रहा है। आम आदमी पार्टी की ओर से विधायकों, चेयरमैनों, सरपंचों और पंचों के जरिए विद्यार्थियों को फोन कर एक विशेष छात्र संगठन के पक्ष में वोट देने के लिए दबाव बनाया जा रहा है।
एबीवीपी नेता ने आरोप लगाया कि मीत हेयर ने करीब 60 पीएचडी स्कॉलर्स के साथ मुल्लांपुर स्टेडियम में बैठक की। इस बैठक में स्कॉलर्स पर दबाव बनाया गया और उन्हें यह कहा गया कि नौकरी या रोजगार तभी मिलेगा जब वे संबंधित छात्र संगठन को चुनाव में समर्थन देंगे। हमारे समर्थकों को डराया-धमकाया जा रहा है। संगठन से जुड़े विद्यार्थियों के खिलाफ कथित तौर पर आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया और एबीवीपी का समर्थन करने पर बदसलूकी की धमकी दी गई।
उन्होंने कहा कि इस संबंध में शिकायत देने की तैयारी की जा रही है और मामले को संबंधित स्तर पर उठाया जाएगा।
Tags: