Punjab पंजाब: धनौला की स्थानीय अनाज मंडी में बुधवार देर रात एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दिया गया | थाना धनौला पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों की तलाश कर रही है। जानकारी के अनुसार मृतक युवक मनप्रीत सिंह उर्फ मगंल (22) पुत्र गुरपाल सिंह गांव दानगढ़ रोड का रहने वाला था और 2 बहनों का इकलौता भाई था। बुधवार रात करीब 9:30 बजे परिजनों को सूचना मिली कि मनप्रीत सिंह अनाज मंडी के पास घायल अवस्था में पड़ा है। परिजन उसे तुरंत अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
शुरुआती जांच में पता चला है कि मनप्रीत सिंह रात को एक शादी समारोह में गया था। वहां डांस करते समय उसका करण सिंह नामक युवक से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इसके बाद दोनों अनाज मंडी में चले गए। अनाज मंडी में करण सिंह ने मनप्रीत को धमकाते हुए कहा कि वह अपने पिता को बुला रहा है। कुछ देर बाद करण सिंह का पिता चमकीला सिंह वहां पहुंच गया। पुलिस के अनुसार दोनों ने मिलकर कथित तौर पर मनप्रीत पर हमला कर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी।
इंस्पेक्टर लखवीर सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस ने साफ किया कि इस घटना में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल आरोपियों की तलाश जारी है। फिलहाल परिवार के बयान के आधार पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की कार्रवाई जारी है।