चंडीगढ़,  भारी उत्साह व जोश के साथ मतदान के बाद अब तक मिले आंकड़ों में सामने आए वोटिंग प्रतिशत की स्थिति से सभी पार्टियों के उम्मीदवार उलझन में हैं। रविवार को पंजाब की सभी 117 विधानसभा सीटों के लिए एक ही चरण में वोट डाले गए। राज्य के 2.14 करोड़ मतदाताओं ने कुल 1304 उम्मीदवारों की किस्मत ईवीएम में बंद कर दी। नतीजे 10 मार्च को आएंगे। चुनाव आयोग के एप पर अब तक दी गई जानकारी के अनुसार करीब 70 फीसद मतदान का आंकड़ा रहा है। एप पर मतदान 69.65 फीसद बताया गया है और अभी अंतिम आंकड़े की प्रतीक्षा है। वैसे इस बार 2017 से कम मतदान प्रतिशत रहने का अनुमान है।

117 विधानसभा सीटों के लिए करीब 70 प्रतिशत मतदान, आज स्पष्ट होगी तस्वीर, नतीजे 10 मार्च को
प्रत्याशी इसलिए उलझन में रहे, क्योंकि राज्य चुनाव विभाग देर रात तक मतदान प्रतिशत के आंकड़े अपडेट करता रहा। शुरुआत में मतदान प्रतिशत कम होने पर पार्टियों ने अपना-अपना गणित लगाना शुरू कर दिया, लेकिन जैसे-जैसे मतदान प्रतिशत बढ़ने लगा पार्टियों का गणित भी तेजी से बदल रहा है।यह समाचार लिखने तक भारत निर्वाचन आयोग के एप पर रात अब तक राज्य में करीब 69.65 प्रतिशत मतदान बताया गया है। 2017 में पंजाब में 77.40 प्रतिशत वोट पड़े थे। सूत्रों ने आंकड़े स्पष्ट न होने का कारण यह बताया गया कि राज्य की कुल 25 हजार ईवीएम में से रात 12 बजे तक 13 हजार के ही आंकड़े कंपाइल हो पाए थे। ईवीएम से निकलने वाले फार्म के मिलान के बाद ही मतदान प्रतिशत सामने आता है। इस लिहाज से आज पूरी तरह से स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
अब तक के आंकड़ों के अनुसार जिलों में 78.47 प्रतिशत मतदान के साथ श्री मुक्तसर साहिब इस बार अव्वल रहा। पिछली बार मानसा जिला 87.34 प्रतिशत मतदान के साथ सूची में सबसे ऊपर था। मोहाली जिले ने इस बार भी निराश किया। यहां सबसे कम 62.41 प्रतिशत मतदान हुआ। पिछली बार भी यह जिला 71.97 प्रतिशत मतदान के साथ सबसे नीचे रहा था।
इसी तरह बठिंडा जिले के तलवंडी साबो हलके में सबसे ज्यादा 83.67 प्रतिशत मतदान हुआ। पिछली बार मुक्तसर साहिब का गिद्दड़बाहा हलका 89.02 प्रतिशत के साथ पंजाब में शीर्ष पर था। अमृतसर वेस्ट के मतदाता इस बार ज्यादा संख्या में घर से नहीं निकले। यहां सिर्फ 55.10 प्रतिशत वोट पड़े। पिछले चुनाव में इसी जिले का अमृतसर साउथ हलका 60.04 प्रतिशत मतदान के साथ सूची में सबसे नीचे रहा था।तीन सीएम चेहरों ने खुद को नहीं डाला वोट
मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी का वोट मोहाली के खरड़ हलके में है, जबकि वह रूपनगर के चमकौर साहिब व बरनाला जिले के भदौड़ से चुनाव लड़ रहे हैं। आम आदमी पार्टी (आप) के सीएम फेस भगवंत मान का वोट मोहाली हलके में है, जबकि वह संगरूर के धूरी से मैदान में है। इसी तरह शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के सीएम पद के उम्मीदवार सुखबीर बादल का वोट मुक्तसर के लंबी में है, जबकि वह फाजिल्का के जलालाबाद से चुनाव लड़ रहे हैं। चुनावी हिंसा में फायरिंग, ईट-पत्थर व तलवारें भी चलीं।
पंजाब में मतदान में छिटपुट हिंसा भी हुई। बठिंडा और फिरोजपुर में गोलियां चलीं। फिरोजपुर में शिअद व कांग्रेस के कार्यकर्ताओं में मतदान के दौरान हुए विवाद में हवाई फायरिंग हुई। हालांकि कोई जख्मी नहीं हुआ। बठिंडा में शिअद व भाजपा ने कांग्रेस वर्करों पर पैसे बांटने व फायरिंग का आरोप लगाया। वहीं, अमृतसर में शिअद व कांग्रेस कार्यकर्ताओं में ईट-पत्थर चले। एक गाड़ी का शीश तोड़ दिया गया। कोई जख्मी नहीं हुआ।लुधियाना में कांग्रेस, आप व भाजपा कार्यकर्ताओं में तलवारें चलने से दो लोग जख्मी हो गए। पटियाला में थेड़ी पोलिंग बूथ के बाहर कांग्रेस पंच, उसके पिता व भाई तलवार लगने से जख्मी हो गए। हमले का आरोप शिअद पर है। यहां एक अन्य शिअद कार्यकर्ता भी धारदार हथियार से जख्मी हो गया। फतेहगढ़ साहिब के सरहिंद में भाजपा व कांग्रेस में फर्जी वोट डालने के आरोप में झड़प हो गई।
ये रहे चैंपियन..
-जिला: 78.47 प्रतिशत मतदान के साथ श्री मुक्तसर साहिब अव्वल।
-सीट: बठिंडा का तलवंडी साबो हलका 83.67 प्रतिशत के साथ टाप पर।
इन्होंने किया निराश..
-जिला: मोहाली 62.41 प्रतिशत के साथ रहा जिलों में सबसे पीछे
-अमृतसर वेस्ट: 55.10 प्रतिशत वोटिंग, सूची में सबसे नीचे

मतदान का उत्साह..

-बठिंडा जिले के भीखी में 110 वर्षीय करतार कौर ने किया मतदान।
कब कितना मतदान- किसकी बनी सरकार
वर्ष- मतदान प्रतिशत - सरकार बनी

1951- 57.85- कांग्रेस
1957- 57.72- कांग्रेस
1962- 63.44- कांग्रेस
1967- 71.18- कांग्रेस
1969- 72.27- शिअद
1972- 68.63- कांग्रेस
1977- 65.37- शिअद
1980- 64.33- कांग्रेस
1985- 67.53- शिअद
1992- 23.82- कांग्रेस
1997- 68.73- शिअद-भाजपा
2002- 65.14- कांग्रेस
2007- 75.49- शिअद-भाजपा
2012- 78.30- शिअद भाजपा
2017- 77.40- कांग्रेस

मतदाताओं की स्थिति

कुल मतदाता: 2,14,99,804
पुरुष मतदाता: 1,12,98,081
महिला मतदाता: 102,00,996
थर्ड जेंडर मतदाता: 727

दिग्गजां के हलकों पर वोटिंग (प्रतिशत में)

प्रकाश सिंह बादल (लंबी)- 80.10
कैप्टन अम¨रदर सिंह (पटियाला शहरी)- 62.10
चरणजीत सिंह चन्नी (चमकौर साहिब)- 70 (भदौड़) 78.89
भगवंत मान (धूरी)- 72.0
सुखबीर सिंह बादल (जलालाबाद)- 77.0
नवजोत सिंह सिद्धू (अमृतसर ईस्ट)- 59.0


जिलों में कितने पड़े वोट

अमृतसर 62.25
बरनाला 73.75
बठिंडा 76.11
फरीदकोट 75.86
फतेहगढ़ साहिब 73.43
फाजिल्का 76.59
फिरोजपुर 75.66
गुरदासपुर 70.62
होशियारपुर 66.93
जालंधर 64.29
कपूरथला 67.87
लुधियाना 65.68
मानसा 77.21
मोगा 67.43
मालेरकोटला 78.14
पठानकोट 70.86
पटियाला 71.00
रूपनगर 70.48
मोहाली 62.41
संगरूर 75.27
नवांशहर 70.74
मुक्तसर 78.47
तरनतारन 66.83
2017 में किस पार्टी को कितनी सीटें

(कुल वोट पड़े: 77.40 प्रतिशत)

पार्टी सीटें

कांग्रेस- 77
शिअद- 15
आप- 20
भाजपा- 03
लोक इंसाफ पार्टी- 02

2017 में जोन वाइज स्थिति

पार्टी माझा दोआबा मालवा

कांग्रेस 22 15 40
शिअद 02 05 08
आप 02 00 18
भाजपा 01 01 01
लोक इंसाफ पार्टी 00 00 02


Tags: