Punjab: अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास ड्रोन दुर्घटनाग्रस्त, हेरोइन का पैकेट बरामद
Punjab.पंजाब: श्रीगंगानगर सेक्टर में पाकिस्तान सीमा के निकट शेखसरपाल गांव से कुछ ही दूरी पर चक 11-एफ गांव के एक खेत में कल देर रात एक पाकिस्तानी ड्रोन गिरा। ड्रोन से कुछ दूरी पर आधा किलो हेरोइन का पैकेट मिला। अधिकारियों ने बताया कि घटना के बाद सीमा सुरक्षा बल, पुलिस और खुफिया एजेंसियों द्वारा ग्रामीणों की मदद से आसपास के खेतों में तलाशी अभियान चलाया गया, जिसमें कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। पुलिस सूत्रों ने बताया कि सीमा पार से आने वाले ड्रोन को रोकने के लिए हाल ही में लगाए गए जैमर के कारण बीती रात करीब साढ़े 11 बजे ड्रोन अंतरराष्ट्रीय सीमा से करीब 700 मीटर अंदर भारतीय क्षेत्र में आ गिरा। बीएसएफ के गश्ती दल को एक खेत में सेंसर लाइटें चमकती दिखाई दीं। जवान जब खेत में पहुंचे तो वहां ड्रोन मिला।