पंजाब सीएम के पास अब कुल 28 विभागों की होगी जिम्मेदारी

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान अब स्वास्थ्य मंत्रालय भी अपने पास रखेंगे।

Update: 2022-05-25 07:58 GMT

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान अब स्वास्थ्य मंत्रालय भी अपने पास रखेंगे। मंगलवार को स्वास्थ्य मंत्री डॉ. विजय सिंगला पर कार्रवाई के बाद यह चर्चा थी कि प्रदेश का नया स्वास्थ्य मंत्री कौन होगा? मगर बुधवार को इन कयासों पर विराम लग गया है। अब मंत्रालय का काम सीएम भगवंत मान की निगरानी में होगा। कैबिनेट विस्तार तक यह विभाग सीएम के पास रहेगा।

75 मोहल्ला क्लीनिक खोलने की योजना
पंजाब सरकार 15 अगस्त को प्रदेशभर में एक साथ 75 मोहल्ला क्लीनिक खोलने की योजना पर काम कर रही है। स्वास्थ्य मंत्री के बर्खास्त होने के बाद सरकार इस महत्वाकांक्षी योजना पर कोई रुकावट नहीं आने देना चाहती है। यही वजह है कि मोहल्ला क्लीनिक से जुड़े समस्त कार्य अब सीएम भगवंत मान की निगरानी में होंगे।
स्वास्थ्य मंत्री को किया था बर्खास्त
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मंगलवार को भ्रष्टाचार के आरोप में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. विजय सिंगला को कैबिनेट से बर्खास्त कर दिया था। बर्खास्तगी के बाद पंजाब पुलिस के भ्रष्टाचार निरोधक सेल ने सिंगला और उनके ओएसडी प्रदीप कुमार के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर अदालत में पेश किया था, जहां से दोनों को तीन दिन के रिमांड पर भेज दिया गया है। आरोपियों पर स्वास्थ्य विभाग के 58 करोड़ के निर्माण कार्य में एक फीसदी कमीशन मांगने का आरोप है। पंजाब में यह पहली बार है, जब किसी मुख्यमंत्री ने भ्रष्टाचार के आरोप में अपने ही मंत्री को बर्खास्त किया।
स्वास्थ्य मंत्री के भ्रष्टाचार में लिप्त होने की जानकारी स्वयं मुख्यमंत्री भगवंत मान ने वीडियो जारी कर दी। उन्होंने कहा कि यह मामला सिर्फ उनके संज्ञान में था। चाहते थे तो वे दबा सकते थे। उन्होंने कहा कि अब सिस्टम बदल गया है। चाहे अफसर हो या सरकार का कोई मंत्री। अब एक रुपये की हेराफेरी भी नहीं चलेगी। लोगों का एक पर्सेंट पैसा भी बचाएंगे
मु्ख्यमंत्री भगवंत मान के पास विभाग
गृह विभाग एवं न्याय, विजिलेंस, प्रशासनिक सुधार, नागरिक उड्डयन, सामान्य प्रशासन, कार्मिक, आवास और शहरी विकास, स्थानीय निकाय, उद्योग एवं वाणिज्य, कृषि एवं कृषक कल्याण, बागबानी, जल एवं भू संरक्षण, खाद्य प्रसंस्करण, इनवेस्टमेंट प्रमोशन, विज्ञान तकनीक और पर्यावरण, संसदीय मामले, चुनाव, शिकायत निवारण, स्वतंत्रता सेनानी, तकनीकी शिक्षा एवं औद्योगिक प्रशिक्षण, रोजगार उत्पत्ति एवं प्रशिक्षण, श्रम, प्रिंटिंग एंड स्टेशनरी, डिफेंस सर्विसेज वेलफेयर, गवर्नेंस रिफॉर्म, नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा स्रोत, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग सीएम मान के पास है। अब स्वास्थ्य विभाग का काम भी देखेंगे


Tags:    

Similar News

-->