Punjab.पंजाब: फाजिल्का जिले की अरनीवाल उप-तहसील में आज एक महिला समेत दो नशा तस्करों की संपत्तियां ढहा दी गईं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) वरिंदर सिंह बराड़ ने बताया कि एक महिला रानी और उसका साथी अरनीवाला निवासी बग्गा नशे के धंधे में संलिप्त थे। उन्होंने दावा किया कि दोनों आरोपियों द्वारा नशे के पैसे से बनाई गई दो संपत्तियों को पुलिस ने नागरिक प्रशासन की मदद से ढहा दिया है।
एसएसपी ने बताया कि रानी पर फाजिल्का जिले में नशा तस्करी के तीन मामले दर्ज हैं। इससे पहले भी कुछ दिन पहले फाजिल्का जिले के अबोहर उपमंडल में एक नशा तस्कर का मकान ढहाया गया था। एसएसपी ने असामाजिक तत्वों को नशा कारोबार से दूर रहने या परिणाम भुगतने की चेतावनी देते हुए कहा कि एक मार्च को युद्ध नशा विरुद्ध अभियान शुरू होने के बाद फाजिल्का पुलिस ने पिछले 19 दिनों में 76 मामले दर्ज किए हैं और 111 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि आरोपियों से 2.383 किलोग्राम हेरोइन, 5,98,864 नशीले कैप्सूल और गोलियां, 75 किलोग्राम चूरापोस्त और 52,000 रुपये की ड्रग मनी भी बरामद की गई है।