Police को मिली बड़ी सफलता, यूएई से वांछित आतंकी परमिंदर भारत प्रत्यर्पित
Punjab पंजाब: पुलिस ने एक ऐतिहासिक अभियान चलाते हुए अबू धाबी (यूएई) से बब्बर खालसा इंटरनेशनल (बीकेआई) मॉड्यूल के वांछित आतंकी परमिंदर सिंह उर्फ पिंडी को भारत प्रत्यर्पित कराया है। यह कार्रवाई सीबीआई, विदेश मंत्रालय और अन्य केंद्रीय एजेंसियों के सहयोग से संभव हो सकी। डीजीपी गौरव यादव ने शनिवार को यह जानकारी दी। डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि पिंडी कुख्यात आतंकी हरविंदर सिंह उर्फ रिंदा और हैप्पी पासिया का करीबी सहयोगी है। वह बटाला-गुरदासपुर क्षेत्र में पेट्रोल बम से हमलों, हिंसा और वसूली जैसे गंभीर अपराधों में लिप्त रहा है। वह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए अपराधों के वित्तपोषण और समन्वय करता था।
बटाला पुलिस के अनुरोध पर सीबीआई ने इंटरपोल के जरिये उसके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी कराया। नोटिस के आधार पर यूएई में उसका पता लगाया गया। 24 सितंबर को पंजाब पुलिस की चार सदस्यीय टीम ने अबू धाबी पहुंचकर प्रत्यर्पण की औपचारिकताएं पूरी कीं और आरोपी को भारत लाकर न्याय के कठघरे में खड़ा कर दिया। एसएसपी बटाला सुहैल कासिम मीर ने कहा कि पिंडी की गिरफ्तारी से अंतरराष्ट्रीय आतंकी नेटवर्क की एक अहम कड़ी टूटी है। यह कार्रवाई इस बात का संदेश है कि कानून के लंबे हाथ किसी भी सीमा तक पहुंच सकते हैं।
डीजीपी ने प्रत्यर्पण अभियान को आतंकवाद और संगठित अपराध के खिलाफ पंजाब पुलिस की जीरो टॉलरेंस नीति और वैश्विक स्तर पर उसकी सक्रिय भूमिका का प्रमाण बताया। वहीं, पंजाब पुलिस के डीजीपी ने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट किया, 'एक ऐतिहासिक अभियान में पंजाब पुलिस ने केंद्रीय एजेंसियों के समन्वय और सहयोग से बब्बर खालसा इंटरनेशनल (बीकेआई) के आतंकवादी परमिंदर सिंह उर्फ पिंडी को अबू धाबी, यूएई से भारत प्रत्यर्पित किया।
पिंडी, विदेश स्थित आतंकवादी हरविंदर सिंह उर्फ रिंदा और हैप्पी पासिया का करीबी सहयोगी है और बटाला, गुरदासपुर क्षेत्र में पेट्रोल बम हमलों, हिंसक हमलों और जबरन वसूली सहित कई जघन्य अपराधों में शामिल है। उन्होंने पोस्ट में लिखा, 'हम न्याय को बनाए रखने और राष्ट्रीय सुरक्षा को मजबूत करने के इस संयुक्त प्रयास में उनके अमूल्य सहयोग के लिए केंद्रीय एजेंसियों, विदेश मंत्रालय (एमईए) और संयुक्त अरब अमीरात सरकार के आभारी हैं।'