अमृतसर : पंजाब के अमृतसर जिले में चल रहे बाबा बकाला साहिब के प्रसिद्ध रखड़ पुण्या मेले के दौरान एक निहंग सिंह की गोली मारकर हत्या का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक का शव बाबा बकाला सिविल अस्पताल के पीछे एक सुनसान जगह से बरामद हुआ।

मृतक की पहचान गांव मिगलानी निवासी राजा सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह निहंग सिंह के रूप में मेले में शामिल होने पहुंचा था। पुलिस के अनुसार, उसके सीने पर गोली लगने के कई निशान मिले हैं।
मेले के बाद वारदात की आशंका
जानकारी के मुताबिक, राजा सिंह शुक्रवार को बाबा बकाला साहिब में आयोजित रखड़ पुण्या मेले में पहुंचा था। देर रात उसका शव मिलने के बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि किसी पुराने विवाद या रंजिश के चलते वारदात को अंजाम दिया गया हो सकता है। हालांकि हत्या की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। साथ ही मृतक के परिवार और परिचितों से भी पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने के लिए जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
इलाके में फैली दहशत
धार्मिक मेले के दौरान हुई इस हत्या से श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल है। पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा शुरू कर दी है और क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है।

Tags: