Punjab पंजाब। पंजाब पुलिस ने अपराध नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए राज्यभर में नाइट डोमिनेशन और नाकाबंदी अभियान तेज कर दिया है। मोहाली के SSP वरुण शर्मा ने बताया कि डीजीपी पंजाब के दिशा-निर्देशों के अनुसार सभी जिलों में विशेष सुरक्षा योजना तैयार की गई है। SSP वरुण शर्मा ने कहा कि इस अभियान के तहत दो प्रमुख कार्यक्रमों पर ध्यान केंद्रित किया गया है। इनमें सिटी सीलिंग और डिस्ट्रिक्ट सीलिंग शामिल हैं। उन्होंने बताया कि सिटी सीलिंग के तहत शहर के सभी महत्वपूर्ण स्थानों पर निगरानी बढ़ाई गई है।
उन्होंने कहा कि मोहाली में सिटी सीलिंग के तहत चिन्हित सभी 19 प्रमुख प्वाइंट्स की जांच की गई है। इन स्थानों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और 24 घंटे सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने की कोशिश की जा रही है। SSP ने बताया कि नाइट डोमिनेशन अभियान का उद्देश्य संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखना और अपराधियों पर शिकंजा कसना है। रात के समय होने वाली आपराधिक घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस टीमों को सक्रिय किया गया है।
उन्होंने कहा कि फायरिंग की घटनाओं या अन्य आपराधिक गतिविधियों से जुड़ी सभी शिकायतों की गहन जांच की जाएगी। किसी भी मामले में तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।  वरुण शर्मा ने कहा कि पुलिस का उद्देश्य केवल कार्रवाई करना नहीं, बल्कि लोगों में सुरक्षा का भरोसा कायम करना भी है। इसके लिए पुलिस लगातार गश्त, चेकिंग और निगरानी अभियान चला रही है।
उन्होंने बताया कि नाकाबंदी के दौरान संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की जांच की जा रही है। पुलिस यह सुनिश्चित कर रही है कि अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों पर समय रहते कार्रवाई की जा सके। SSP ने कहा कि पंजाब पुलिस अपराध मुक्त माहौल बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने आम लोगों से भी अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अपराध से जुड़ी जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कदम उठाए जा सकें।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, राज्य में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे। रात के समय विशेष निगरानी रखने से अपराधों पर नियंत्रण पाने में मदद मिलेगी। मोहाली पुलिस का कहना है कि शहर और जिले के सभी संवेदनशील इलाकों में लगातार नजर रखी जा रही है। पुलिस की प्राथमिकता नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करना है।
Tags: