पंजाब में सुस्त हुआ मानसून: तीन जिलों में बारिश का 'यलो अलर्ट', अन्य हिस्सों में हल्की बूंदाबांदी के आसार
अमृतसर: पंजाब में मानसून की रफ्तार एक बार फिर धीमी पड़ गई है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार शनिवार को राज्य भर में व्यापक या भारी बारिश की संभावना बेहद कम है। मानसून की सक्रियता सीमित रहने के कारण राज्य के अधिकांश हिस्सों में बादलों की आवाजाही और उमस भरा मौसम बना रहेगा। हालांकि, पहाड़ी राज्यों से सटे सीमावर्ती क्षेत्रों में बारिश का असर देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने गुरदासपुर, होशियारपुर और पठानकोट जिलों के लिए बारिश और गरज-चमक को लेकर 'यलो अलर्ट' जारी किया है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, यलो अलर्ट वाले तीनों जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम स्तर की बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। वहीं, राज्य के अन्य प्रमुख जिलों—जैसे अमृतसर, लुधियाना, जालंधर, पटियाला, बठिंडा, फिरोजपुर, मोहाली और चंडीगढ़ क्षेत्र में केवल अलग-अलग स्थानों पर छिटपुट हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना जताई गई है। इन जिलों के लिए कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है, लेकिन हवा में नमी और बादलों के बीच उमस लोगों को परेशान कर सकती है।
ताज़ा आंकड़ों के अनुसार, शुक्रवार को राज्य के औसत अधिकतम तापमान में एक दिन पहले की तुलना में करीब 2.5 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। इसके बावजूद तापमान औसतन सामान्य स्तर के आसपास ही बना हुआ है। शुक्रवार को फरीदकोट राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा, जहाँ अधिकतम तापमान 36.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं राजधानी चंडीगढ़ में 36 डिग्री, पटियाला में 35.6 डिग्री, रूपनगर में 35.4 डिग्री, लुधियाना में 34.2 डिग्री, अमृतसर में 32.6 डिग्री और गुरदासपुर में 32.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।
बारिश के लिहाज से शुक्रवार का दिन पंजाब के अधिकांश हिस्सों में शुष्क ही बीता। सर्वाधिक बारिश फाजिल्का में दर्ज की गई, जहाँ 15.5 मिलीमीटर वर्षा हुई। इसके अलावा तरनतारन में 1.5 मिमी और बठिंडा में 0.5 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जबकि अन्य जिलों में मौसम मुख्य रूप से सूखा रहा। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में मानसून ट्रफ की स्थिति के आधार पर ही व्यापक बारिश की संभावना बनेगी। फिलहाल यलो अलर्ट वाले इलाकों में आकाशीय बिजली और फिसलन से सतर्क रहने की सलाह दी गई है।