Jalandhar.जालंधर: अगर किसी की तबीयत ठीक नहीं है और वह मंगलवार को आम आदमी क्लीनिक (आयुष्मान आरोग्य केंद्र) में डॉक्टर को दिखाना और दवाई लेना चाहता है, तो उसे 24 घंटे और इंतजार करना पड़ेगा, क्योंकि लगभग हर आयुष्मान आरोग्य केंद्र (आम आदमी मोहल्ला क्लीनिक) पर डॉक्टर उपलब्ध नहीं रहेंगे। दिलचस्प बात यह है कि न तो पंजाब सरकार ने डॉक्टरों के लिए कोई छुट्टी घोषित की है और न ही डॉक्टरों की कोई हड़ताल है, लेकिन इसके बावजूद भी मंगलवार को मोहल्ला क्लीनिकों में डॉक्टर मौजूद नहीं रहेंगे, क्योंकि सवाल उनके अपने भविष्य का है। दरअसल, पंजाब सरकार ने पंजाब सिविल मेडिकल सर्विसेज (पीसीएमएस) में भर्ती के लिए डॉक्टरों के लिए मंगलवार यानी 3 जून को परीक्षा रखी है।
पंजाब के मोहल्ला क्लीनिकों में तैनात लगभग सभी डॉक्टरों ने इन पदों के लिए आवेदन किया है, जिसके चलते लगभग सभी डॉक्टरों ने कल छुट्टी ले ली है, ताकि वह उक्त परीक्षा में शामिल हो सकें। इसके चलते मोहल्ला क्लीनिकों में फार्मासिस्ट, पैरामेडिकल स्टाफ तो रहेंगे, लेकिन डॉक्टर नहीं होंगे। इतनी बड़ी संख्या में डॉक्टरों के छुट्टी पर जाने के कारण कोई वैकल्पिक व्यवस्था करना संभव नहीं लग रहा है, जिसके कारण मरीजों को मोहल्ला क्लीनिकों में डॉक्टरों को दिखाने के लिए कम से कम बुधवार तक इंतजार करना पड़ेगा। सिविल सर्जन डॉ. पवन कुमार शगोत्रा ने पत्रकारों को बताया कि मोहल्ला क्लीनिकों के डॉक्टरों के छुट्टी पर जाने से उत्पन्न स्थिति से निपटने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है, ताकि मरीजों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।