Ludhiana लुधियानाजगरांव शहर Jagraon City में बुधवार को उस समय दहशत फैल गई जब रानी झांसी चौक के पास दिनदहाड़े नकाबपोश बदमाशों ने ज्वैलर्स की दुकान पर फायरिंग कर दी। गोलियों की आवाज सुनकर माहौल में दहशत फैल गई, लेकिन गनीमत रही कि कोई हताहत नहीं हुआ। शहर के बीचों-बीच हुई फायरिंग ने कानून व्यवस्था और पुलिस की लचर कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, दो अज्ञात बाइक सवार हमलावर लाखे वाले ज्वैलर्स की दुकान के बाहर रुके और लगातार तीन राउंड फायरिंग की। गोलियां दुकान के शीशे पर लगीं, जिससे बाजार में अफरा-तफरी मच गई। फायरिंग के बाद बदमाश तहसील रोड की तरफ भाग गए।

दुकान के गनमैन ने बदमाशों का पीछा किया, लेकिन वे भागने में सफल रहे। पुलिस ने मौके से गोलियों के खोखे बरामद किए और सीसीटीवी फुटेज जब्त की, जिसमें बाइक सवार दो संदिग्ध दिखाई दे रहे हैं। दुकान के मालिक पवन कुमार लड्डू ने मीडिया को बताया कि बदमाशों ने अपने चेहरे कपड़े से ढके हुए थे। उन्होंने दुकान के सामने बाइक रोकी और फायरिंग शुरू कर दी। इससे पहले कि दुकानदार और ग्राहक कुछ समझ पाते, वहां अफरा-तफरी मच गई और सभी लोग जान बचाने के लिए भागने लगे। गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही लुधियाना-फिरोजपुर हाईवे पर राजा ढाबा की पार्किंग में भी कार सवार बदमाशों ने फायरिंग की थी, उस मामले में भी पुलिस अभी तक किसी को गिरफ्तार नहीं कर पाई है।
Tags: