Ludhiana.लुधियाना: लाधोवाल स्थित एनडीआरएफ मुख्यालय में एक महिला कांस्टेबल ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। लाधोवाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पीड़िता ने पंखे से दुपट्टा बांधकर फांसी लगा ली। मृतका की पहचान सिमरनजीत कौर (25) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, घटना का पता तब चला जब बुधवार को महिला अपनी ड्यूटी पर नहीं पहुंची और उसका वरिष्ठ अधिकारी उसे देखने के लिए उसके कमरे में गया। काफी देर तक खटखटाने के बाद भी दरवाजा नहीं खुला। जिसके बाद पुलिस अधिकारियों ने दरवाजा तोड़कर कमरे में प्रवेश किया तो कांस्टेबल पंखे से लटकी हुई थी।
जिसके बाद उन्होंने लाधोवाल पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। पुलिस ने उसके परिजनों को सूचना दे दी है। एएसआई मेजर सिंह ने बताया कि मृतका मानसा की रहने वाली थी। उसने 7 सितंबर 2024 को लुधियाना स्थित एनडीआरएफ मुख्यालय में ड्यूटी ज्वाइन की थी। पुलिस ने बताया कि कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है, जिससे आत्महत्या के पीछे का कारण पता चल पाता। अब पीड़िता के परिजनों के आने के बाद बयान दर्ज किए जाएंगे और शव का पोस्टमार्टम करवाकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Tags: