Ludhiana.लुधियाना: शनिवार देर शाम यहां इंडस्ट्रियल एरिया-B में पाहवा हॉस्पिटल के पीछे की तरफ उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अजीत साइकिल फैक्ट्री में बॉयलर फटने के बाद आग लग गई। इस दौरान फैक्ट्री में काम कर रहे फोरमैन राजित राम वर्मा (60) की मौत हो गई। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। ACP सतविंदर सिंह ने घटनास्थल का जायजा लिया।
सूत्रों के मुताबिक, मथारू गली में अजीत साइकिल पार्ट्स नाम की फैक्ट्री काफी समय से चल रही थी। शनिवार शाम करीब 7.30 बजे राजित राम वर्मा अंदर काम कर रहे थे और इसी दौरान फैक्ट्री में बॉयलर फट गया। वर्मा कुछ समझ पाते, इससे पहले ही आग लग गई। हादसा इतना भयानक था कि राजित की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया। लुधियाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
Tags: