कैथल पुलिस डकैती के आरोपितों को पकड़ने के लिए पंजाब पुलिस की लेगी सहायता

पिछले दो महीनों में कैथल के तीन बड़े धार्मिक डेरों में डकैती हो चुकी हैं। तीनों ही वारदात एक ही तरीके से की गई। बदमाश रात को 12 से एक बजे के बीच वारदात करते हैं।

Update: 2022-05-17 16:42 GMT

पिछले दो महीनों में कैथल के तीन बड़े धार्मिक डेरों में डकैती हो चुकी हैं। तीनों ही वारदात एक ही तरीके से की गई। बदमाश रात को 12 से एक बजे के बीच वारदात करते हैं। सिक्योरिटी गार्ड, होमगार्ड की वर्दी में आते हैं और महंत को बंधक बनाकर डकैती करते हैं। ऐसे ही पंजाब एरिया में भी करीब दस वारदातों को अंजाम दिया गया है। वहां भी धार्मिक स्थलों पर डकैती की गई है। ऐसे में कैथल पुलिस यहां हुई वारदातों को पंजाब में हुई वारदातों से जोड़कर देख रही हैं। अब कैथल पुलिस डकैती के आरोपितों को पकड़ने के लिए पंजाब पुलिस की सहायता लेगी। पंजाब में जहां डकैती हुई हैं, वहां जाकर जानकारी हासिल की जाएगी। इसके लिए सीआइए की टीमों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

एसपी मकसूद अहमद ने बताया कि जिस तरीके से कैथल में धार्मिक डेरों में डकैती हुई है, उसी प्रकार पंजाब एरिया में भी हुई है। अब पंजाब पुलिस से मिल कर वारदातों को सुलझाने का प्रयास किया जाएगा।
गांव कठवाड़ स्थित डेरा बाबा बिहारी दास में 29 मार्च को छह से सात युवकों ने डेरे के महंत त्रिवेणी दास और दो सेवकों को बंधक बनाकर आभूषण लूट लिए थे। बदमाश खाकी रंग की वर्दी पहने हुए थे और वर्दी की बाजू पर सिक्योरिटी गा‌र्ड्स लिखा हुआ था। बदमाशों ने तीनों को बंधक बनाया और डेरे से 85 हजार रुपये, आधा तोले सोने की अंगूठी, दो तीन-तीन ग्राम की सोने की अंगूठी, आधा तोला सोने की मुर्की ले गए थे।
गांव बाबा लदाना स्थित विश्व प्रसिद्ध डेरा बाबा राजपुरी में 26 अप्रैल को महंत दूज पुरी और उनके सेवक छोटू गिरी को बंधक बनाकर करीब साढ़े आठ लाख रुपये की डकैती हुई थी। रात करीब 12 से एक बजे के आसपास चार से पांच नकाबपोश बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया था।
गांव डंडौता स्थित एक धार्मिक डेरे में छह मई रात के समय मुख्य पुजारी दया पुरी और सेवादार को बंधक बना कर पांच बदमाश करीब दो लाख रुपये और आभूषण ले गए। बदमाश सीसीटीवी कैमरे की डीवीआर अपने साथ ले गए थे। बदमाश होमगार्ड की वर्दी पहने हुए थे।


Similar News

-->