Jalandhar.जालंधर: उद्योगपति नितिन कोहली गुरुवार को पंजाब के जालंधर जिले में पार्टी के वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया की मौजूदगी में आम आदमी पार्टी (आप) में शामिल हो गए। पार्टी में शामिल होने के बाद कोहली ने विधायक रमन अरोड़ा की जगह जालंधर सेंट्रल विधानसभा क्षेत्र के हलका प्रभारी का पद संभाला। आप के पंजाब प्रभारी सिसोदिया ने कोहली का पार्टी में स्वागत करते हुए यह घोषणा की। उन्होंने जालंधर में संवाददाताओं से कहा कि यह खुशी की बात है कि पंजाब के उद्योगपति आप की सरकार में विश्वास रखते हुए पार्टी के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं।
अरोड़ा को पिछले सप्ताह पंजाब सतर्कता ब्यूरो ने जालंधर नगर निगम के एक अधिकारी के साथ मिलीभगत कर भ्रष्टाचार में लिप्त होने के आरोप में गिरफ्तार किया था। अरोड़ा की गिरफ्तारी का जिक्र करते हुए सिसोदिया ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि पार्टी विधायक ने लोगों का भरोसा तोड़ा है, जिन्होंने उन्हें 2022 में जालंधर सेंट्रल विधानसभा क्षेत्र से जीत दिलाकर विधानसभा में भेजा था। उन्होंने कहा कि केवल आम आदमी पार्टी ही है जो भ्रष्ट आचरण में लिप्त पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति को नहीं छोड़ती है। सिसोदिया ने जालंधर में संवाददाताओं से कहा कि पंजाब में भगवंत मान सरकार की नीति है कि जो भी गलत करेगा, उसे बख्शा नहीं जाएगा।