Jalandhar.जालंधर: पंजाब कर्मचारी एवं पेंशनर्स संयुक्त फ्रंट के आह्वान पर गढ़शंकर के कर्मचारी एवं पेंशनर्स के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने मक्खन सिंह वाहिदपुरी, जत्थेदार अमरीक सिंह, शाम सुंदर कपूर व शर्मिला रानी के नेतृत्व में गढ़शंकर-आनंदपुर साहिब मार्ग पर जाम लगाकर सरकार व मुख्यमंत्री भगवंत मान का पुतला फूंका तथा सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। वक्ताओं ने मुख्यमंत्री द्वारा पंजाब कर्मचारी एवं पेंशनर्स फ्रंट को बार-बार बातचीत के लिए समय देने तथा उसके बाद बैठक न करने की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि फ्रंट अपनी मांगों को मनवाने के लिए पिछले लंबे समय से संघर्ष की राह पर है। फ्रंट द्वारा बड़े प्रदर्शन के बाद अधिकारी मुख्यमंत्री के साथ बैठक का समय तय करते हैं, लेकिन बैठक की तिथि नजदीक आते ही किसी न किसी बहाने बैठक स्थगित कर दी जाती है। सरकार के इस व्यवहार से कर्मचारी एवं पेंशनर्स खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं तथा उनमें सरकार के प्रति भारी रोष है। उन्होंने कहा कि एक मई को पंजाब अधीनस्थ सेवाएं फेडरेशन तथा जन संगठनों का संयुक्त मंच गढ़शंकर में मजदूर दिवस मनाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में मजदूर व कर्मचारी भाग लेंगे।