Jalandhar.जालंधर: विजिलेंस विभाग ने आज एक कैफे मालिक को ड्राइविंग टेस्ट दिए बिना लाइसेंस बनाने के लिए 5,000 रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। विजिलेंस विभाग के डीएसपी मुनीश कुमार शर्मा ने बताया कि एक शिकायतकर्ता ने उन्हें बताया था कि उसने अपनी पत्नी का ड्राइविंग लाइसेंस बनाने के लिए अनमोल एंटरप्राइजेज कैफे, टांडा रोड, नजदीक ड्राइविंग ट्रेनिंग सेंटर, होशियारपुर के मालिक अशोक कुमार से संपर्क किया था।
उसने कहा कि उसकी पत्नी का लाइसेंस बिना ट्रायल दिए बन जाएगा, इसलिए अशोक ने 5,000 रुपये की रिश्वत मांगी थी। उन्होंने बताया कि शिकायत के आधार पर आज विभाग की एक टीम ने सरकारी गवाहों की मौजूदगी में अशोक को 5,000 रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि आरोपी को 8 अप्रैल को अदालत में पेश किया जाएगा।