कनाडा में पील रीजनल पुलिस ने पंजाबी मूल के 29 वर्षीय एक व्यक्ति को जबरन वसूली (extortion) के मामले में गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उसने पीड़ित और उसके परिवार को धमकी दी और फिर पीड़ित के व्यापारिक प्रतिष्ठान (business premises) में आग लगा दी। आरोपी की पहचान ब्रैम्पटन निवासी जसजीत सिंह के रूप में हुई है, जिसे पुलिस की 'मेजर क्राइम्स यूनिट' (MCU) ने 9 अक्टूबर को गिरफ्तार किया।
जांचकर्ताओं के अनुसार, पीड़ित को अप्रैल से ही लगातार पैसों की मांग की जा रही थी। साथ ही, उसे उसके परिवार, घर, कारोबार और निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की धमकियां भी दी जा रही थीं। आरोप है कि जबरन वसूली की मांग पूरी न होने पर, पीड़ित को डराने के लिए आरोपी ने उसके कारोबार की जगह पर आग लगा दी। ऐसी ही एक घटना में, 5 सितंबर को तड़के करीब 4:45 बजे पुलिस को पीड़ित के व्यापारिक प्रतिष्ठान में आग लगने की सूचना मिली। जांचकर्ताओं ने बताया कि एक व्यक्ति वहां पहुंचा, गैरेज के दरवाजे के पास कोई ज्वलनशील पदार्थ (संभवतः पेट्रोल) डाला और उसमें आग लगा दी, जिससे पूरी इमारत में आग फैल गई।
इस आग से व्यापारिक प्रतिष्ठान और वहां खड़ी गाड़ियों को लगभग 100,000 डॉलर का नुकसान पहुंचा। जांच के बाद, पुलिस ने 9 अक्टूबर को सिंह को ढूंढ निकाला और गिरफ्तार कर लिया। उस पर जबरन वसूली का आरोप लगाया गया है। उसे जमानत की सुनवाई के लिए हिरासत में रखा गया और बाद में ब्रैम्पटन स्थित ओंटारियो कोर्ट ऑफ जस्टिस में पेश किया गया। मामले की जांच अभी चल रही है। पुलिस को शक है कि इस मामले में कुछ अन्य लोग भी शामिल हो सकते हैं। पील रीजनल पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि उनके पास इस घटना से जुड़े किसी भी व्यक्ति के बारे में कोई जानकारी हो, तो वे पुलिस को बताएं। जिसके पास भी कोई जानकारी हो, उससे 'मेजर क्राइम्स यूनिट' से संपर्क करने के लिए कहा गया है।
Tags: