होटल-कैफे में चल रहा था अवैध कारोबार, 15 महिला-पुरुष हिरासत में
रेस्टोरेंट की आड़ में चल रहा था गोरखधंधा
पटियाला: पंजाब के पटियाला जिले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए होटल और कैफे रेस्टोरेंट की आड़ में चल रहे कथित देह व्यापार के धंधे का खुलासा किया है। पुलिस ने छापेमारी कर 15 महिला और पुरुषों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। थाना पातड़ां क्षेत्र में पुलिस को लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ जगहों पर होटल और कैफे रेस्टोरेंट की आड़ में अवैध गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। शिकायतों के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की और इसके बाद कार्रवाई की गई।
पुलिस टीम ने इंस्पेक्टर सरबजीत कौर के नेतृत्व में एक होटल पर छापेमारी की। इसके अलावा एक कैफे रेस्टोरेंट में भी रेड की गई। पुलिस के मुताबिक, दोनों जगहों से कुल 15 महिला और पुरुषों को पकड़ा गया है। पुलिस जांच में सामने आया कि बस स्टैंड के पास स्थित एक होटल में कथित रूप से अवैध गतिविधियां चल रही थीं। वहीं, दूसरे स्थान पर कैफे रेस्टोरेंट की आड़ में इसी तरह की गतिविधि संचालित होने की बात सामने आई।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस पूरे नेटवर्क में और कितने लोग शामिल हैं और यह गतिविधि कितने समय से चल रही थी। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले में संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार किए गए लोगों का आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाला जा रहा है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में संदिग्ध गतिविधियों को लेकर पहले भी शिकायतें सामने आती रही थीं। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद लोगों ने राहत की सांस ली है। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।