विधानसभा में यदि विधायक नहीं करवा सकते सत्र तो... पर बोले ETO हरभजन सिंह
बड़ी खबर
अमृतसर। पंजाब के राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित द्वारा विधानसभा के विशेष सत्र को मंजूरी नहीं दिए जाने के बाद मुख्यमंत्री भगवंत मान ने राज्यपाल के इस कदम पर सवाल उठाए हैं। इस बीच, बिजली मंत्री हरभजन सिंह ई.टी.ओ. द्वारा अमृतसर में प्रेस कान्फ्रेंस की गई। इस दौरान हरभजन सिंह ने कहा कि अगर विधानसभा में निर्वाचित विधायक सत्र का संचालन नहीं कर सकते हैं तो राज्यपाल को यह भी जवाब देना चाहिए कि विधानसभा किस लिए बनी है। इसके साथ ही उन्होंने बोलते हुए कहा कि बी.जे.पी. और कांग्रेस दोनों एक ही मंच पर रहकर आम आदमी पार्टी के लोकप्रियता को रोकने में लगी हुई हैं। उन्होंने कहा कि जहां भाजपा की सीटें कम होती हैं, वहीं कांग्रेस अपने विधायकों को भाजपा में शामिल करवा देती है।
उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा चाहे कितनी भी जिद कर ले, वह आम आदमी पार्टी के विधायकों को नहीं खरीद सकती और न ही आम आदमी पार्टी के विधायक भाजपा या कांग्रेस में शामिल होंगे। हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने कहा कि 2024 में आम आदमी पार्टी राष्ट्रीय बदलाव करेगी और देश में आम आदमी पार्टी की सरकार बनेगी, साथ ही उन्होंने कहा कि जो 600 यूनिट मुफ्त किए गए हैं, भले ही उन्होंने पंजाब के लिए कर्ज लिया हो, लेकिन इस कर्ज से पंजाब को फायदा हो रहा है, न कि जिस तरह अकालियों और कांग्रेस ने कर्ज लेकर पंजाब पर बोझ डाला था। गौरतलब है कि पंजाब के राज्यपाल द्वारा पहली बार पंजाब विधानसभा सत्र बुलाने की मंजूरी मिलने देने के बाद उसे रद्द करने पर बिजली मंत्री हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने कहा कि पंजाब के राज्यपाल ने एक पार्टी के दबाव में यह बैठक रद्द कर दी है। यह पंजाब के संघीय ढांचे को सीधा झटका है।