Jalandhar.जालंधर: पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा आयोजित अंडर-19 महिला अंतर जिला क्रिकेट चैंपियनशिप में होशियारपुर की टीम ने नवांशहर की टीम को 5 विकेट से हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया है। 50-50 ओवर के इस मैच में नवांशहर की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। होशियारपुर की टीम ने शानदार गेंदबाजी करते हुए नवांशहर की पूरी टीम को 29.4 ओवर में 90 रन पर ऑल आउट कर दिया। नवांशहर की ओर से नंदिनी राजपूत ने 43 रन और करमजोत ने 10 रन का योगदान दिया। होशियारपुर की ओर से शानदार गेंदबाजी करते हुए आस्था शर्मा ने 5 खिलाड़ियों को आउट किया, कप्तान सुरभि ने 2, वंशिका, ध्रुविका सेठ और संजना ने 1-1 खिलाड़ी को आउट किया। जीत के लिए 50 ओवर में 91 रन का लक्ष्य लेकर बल्लेबाजी करने उतरी होशियारपुर की टीम ने कप्तान सुरभि व उप कप्तान सुहाना की शानदार बल्लेबाजी की बदौलत 20.5 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 92 रन बनाकर मैच 5 विकेट से जीत कर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया।
होशियारपुर की ओर से बल्लेबाजी करते हुए सुहाना ने 36 रन, सुरभि ने 15 रन, वंशिका ने 13 रन व कृतिका ने 11 रन का योगदान दिया। नवांशहर की ओर से गेंदबाजी करते हुए प्रिया व नंदिनी ने होशियारपुर की ओर से 2-2 खिलाड़ियों को आउट किया। होशियारपुर जिला क्रिकेट एसोसिएशन (एचडीसीए) के सचिव डॉ. रमन घई ने बताया कि होशियारपुर की टीम ने लगातार तीसरा मैच जीतकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया है। होशियारपुर की टीम ने इससे पहले कपूरथला व रोपड़ को हराया था। खिलाड़ियों व टीम के कोचों को बधाई देते हुए डॉ. घई ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि टीम भविष्य में भी अपना अच्छा प्रदर्शन जारी रखेगी। होशियारपुर टीम की इस जीत पर एचडीसीए अध्यक्ष डॉ. दलजीत खेला व टूर्नामेंट कमेटी के चेयरमैन डॉ. पंकज शिव, संयुक्त सचिव विवेक साहनी व सभी एचडीसीए सदस्यों ने टीम की जीत पर खुशी जाहिर की और टीम को बधाई दी। टीम की जिला कोच दविंदर कौर कल्याण ने टीम को बधाई देते हुए कहा कि जिस तरह से खिलाड़ियों ने कड़ी मेहनत व लगन के साथ तैयारी की है, टीम भविष्य में भी अपना अच्छा प्रदर्शन दोहराएगी। जिला कोच दलजीत सिंह, जिला प्रशिक्षक व पूर्व राष्ट्रीय खिलाड़ी कुलदीप धामी, जूनियर कोच दलजीत धीमान, पंकज कुमार व दिनेश शर्मा ने भी टीम को क्वार्टर फाइनल में पहुंचने पर बधाई दी।
Tags: